Bihar news : बिहार सरकार के अंचलाधिकारी को फ्लैट में घुसकर 50 बार चाकू मारा, हमलावर को लोगों ने पकड़कर धुना
CO attacked in Bihar : 30 जून को ट्रांसफर के बाद विरमित होने की प्रक्रिया में लगे भू-राजस्व अंचलाधिकारी (CO) को फ्लैट में घुसकर 50 बार चाकू मारा। वारदात बेगूसराय जिले के बखरी में बुधवार को देर शाम हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार में अपराधियों की मनमानी इतनी बढ़ गई है कि सरकार के अधिकारी भी सुरक्षित नहीं। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अंचलाधिकारी (CO) पर बुधवार की देर शाम चाकू से ऐसा हमला हुआ कि शरीर का कोई हिस्सा अछूता नहीं रहा। बेगूसराय जिले के बखरी अनुमंडल मुख्यालय के बखरी बाजार में किराए के एक फ्लैट में यह हमला हुआ। बाइक से आए दो अपराधियों में से एक ने फ्लैट को खुला देखकर सीओ शिवेंद्र कुमार पर सीधे हमला शुरू कर दिया। करीब 50 बार चाकू चलाया गया, लेकिन अधिकारी ने पेट-छाती बचाने की अपनी तरफ से काफी हद तक बचा लिया। अफसर के शोर मचाने पर पहुंचे मकान मालिक रवींद्र वर्मा और उनके परिवार के सदस्यों पर भी अपराधी ने भागते समय चाकू चलाया, लेकिन भीड़ ने हंगामे की आवाज पर जुटी बाजार की भीड़ ने उसे दबोच लिया।
ट्रांसफर आदेश पर जाने से पहले वारदात
शिवेंद्र भी उन 220 अंचलाधिकारियों (Circle Officer in Bihar) में हैं, जिनका 30 जून को ट्रांसफर हुआ है। विरमित होने से पहले यह हमला क्यों हुआ, इस बारे में पुलिस फिलहाल कुछ नहीं बता पा रही है। बेगूसराय एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि हमलावर पुलिस की गिरफ्त में है, जबकि घायल सीओ को बखरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद बेगूसराय रेफर कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो अपराधी आए थे, जिनमें एक ही दबोचा जा सका। बाइक पर इंतजार कर रहा अपराधी शोरगुल सुनकर भाग गया।
आवाज पर जुटी भीड़ ने हमलावर को अधमरा किया
बेगूसराय एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि पकड़ा गया हमलावर बखरी थाना क्षेत्र के शकरपुरा निवासी प्रताप सिंह का 30 वर्षीय बेटा मोहन कुमार है। पुलिस ने चाकू बरामद कर लिया है। एसपी ने स्वीकार किया कि एक अपराधी बाइक स्टार्ट कर नीचे खड़ा था, जो शोरगुल सुनकर भाग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीओ की चीाख सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े और भाग रहे अपराधी को पकड़ लिया और बाजार से गुजर रही भीड़ ने उसे जमकर पीट दिया। सीओ ने अस्पताल में परिजनों को बताया कि हमलावर ने उनपर लगभग 50 बार चाकू से वार किया, लेकिन बचने का प्रयास लगातार करते रहने के कारण सीना और पेट पर उसका वार कामयाब नहीं रहा।
चाकू छोटा था, इसलिए बच गई जान
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने बताया कि चाकू से इतनी बार हमले के बावजूद दो कारणों से जान बच गई। हमले में इस्तेमाल किया गया छोटा होने के कारण ताकतवर वार शरीर में नहीं घुस सका और उससे भी बड़ी बात यह कि अंचलाधिकारी ने चेहरे पर इतनी बार वार किए जाने के बावजूद सीने और पेट को बचा लिया। डॉक्टरों ने बताया कि दर्जनों जगह घायल होने के कारण बेहतर इलाज के लिए सीओ को बेगूसराय रेफर किया गया है। सीओ के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
स्वतंत्रता सेनानी के आवास पर पहला ऐसा हमला
बेगूसराय जिले के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी और सामाजिक कार्यकर्ता स्व. प्रभू नारायण प्रसाद वर्मा के आवास पर इस तरह का वाकया पहली बार हुआ है। लोगों ने बताया कि पूरे इलाके की समस्याओं का समाधान जिस दरवाजे पर दशकों से लोग कराते रहे हैं, वहां यह हमला पुलिस की बड़ी नाकामी है। सामाजिक कार्यकर्ता मनोहर केसरी ने कहा कि बखरी थाने को बखरी बाजार से हटाकर दूर गांव में बनाए जाने के बाद से अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। पुलिस की गश्ती नहीं रहने के कारण बीच बाजार में अपराधियों ने प्रभु आवास में घुसकर ऐसी वारदात को अंजाम देने की हिम्मत दिखाई। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि सरकारी अधिकारी पर यह हमला ऐसे मकान में हुआ है, जहां भारतीय पुलिस सेवा के भी अधिकारी आते रहते हैं।