फॉक्सवैगन ID. टिगुआन से उठा पर्दा: तीन पावरट्रेन और रेट्रो डिस्प्ले का मिला विकल्प, क्या भारत में भी होगी पेश?
फॉक्सवैगन ने अपनी लोकप्रिय फॉक्सवैगन टिगुआन का नया और पूरी तरह इलेक्ट्रिक वर्जन ID टिगुआन दुनिया के सामने पेश कर दिया है। यह नई इलेक्ट्रिक एसयूवी कंपनी की पुरानी ID.4 और ID.5 की जगह ले सकती है और पेट्रोल-डीजल के साथ बाजार में शामिल होगी। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...
विस्तार
फॉक्सवैगन की लोकप्रिय एसयूवी टिगुआन अब इलेक्ट्रिक अवतार में आ गई है। जर्मन कार कंपनी ने नई फॉक्सवैगन ID. टिगुआन पेश की है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 600 किमी तक चल सकती है। इसमें तीन पावरट्रेन विकल्प 15 इंच की बड़ी टचस्क्रीन और कई प्रीमियम फीचर्स मिलेंगे। कंपनी इसे यूरोप में 2027 की शुरुआत में बिक्री के लिए उतारेगी। खास बात यह है कि इलेक्ट्रिक मॉडल आने के बाद भी पेट्रोल, डीजल और हाइब्रिड टिगुआन की बिक्री जारी रहेगी।
कब शुरू होगी बिक्री?
फॉक्सवैगन ID. टिगुआन को यूरोपीय बाजार के लिए पेश किया गया है। जर्मनी समेत कई यूरोपीय बाजारों में इसकी प्री-सेल्स 13 अक्तूबर से शुरू होने की उम्मीद है। इसकी शुरुआती कीमत 42,695 यूरो रखी गई है। हालांकि, ग्राहकों को इसकी डिलीवरी के लिए 2027 की शुरुआत तक इंतजार करना पड़ सकता है।
यह इलेक्ट्रिक एसयूवी कंपनी की मौजूदा इलेक्ट्रिक रेंज में ID.4 और ID.5 की जगह लेगी। वहीं, पेट्रोल, डीजल और हाइब्रिड इंजन वाली टिगुआन भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगी। यानी कंपनी एक ही नाम के तहत इलेक्ट्रिक और पारंपरिक इंजन वाले दोनों तरह के मॉडल पेश करेगी।
तीन पावरट्रेन विकल्प, 600 किमी तक की रेंज
फॉक्सवैगन ID. टिगुआन दो बैटरी पैक और तीन पावर आउटपुट विकल्पों के साथ दस्तक देगी। ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से रियर-व्हील ड्राइव (RWD) और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) में से चुनाव कर सकेंगे। इसके 58kWh बैटरी पैक वाले रियर-व्हील ड्राइव (RWD) वर्जन में 190PS की पावर मिलेगी। वहीं, 77kWh बैटरी पैक के साथ आने वाले RWD वर्जन में 286PS की पावर और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) वर्जन में 299PS की पावर मिलेगी।
कंपनी का दावा है कि यह एसयूवी सिंगल चार्ज में अधिकतम 600 किलोमीटर तक की शानदार रेंज दे सकती है। इसके अलावा, भारी सामान खींचने के लिए इसमें 2,000 किग्रा तक की बेहतरीन टोइंग क्षमता मिलती है (छोटे 58kWh वर्जन में यह क्षमता 1,800 किग्रा हो सकती है)। हालांकि, चार्जिंग स्पीड और समय को लेकर अभी आधिकारिक आंकड़े सामने नहीं आए हैं।
कैसा होगा एसयूवी का लुक?
- ID. टिगुआन को वोक्सवैगन के एमईबी प्लस प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसमें कंपनी की नई प्योर पॉजीटिव डिजाइन लैंग्वेज देखने को मिलती है। डिजाइन के मामले में यह ID.4 और ID.5 के मुकाबले ज्यादा सीधी और पारंपरिक SUV जैसी नजर आती है।
- इसके फ्रंट में स्लिम एलईडी हेडलाइट्स, आपस में जुड़ी डे-टाइम रनिंग लाइट्स (DRL) और रोशनी देने वाला वोक्सवैगन लोगो दिया गया है। साइड प्रोफाइल में पुल-टाइप डोर हैंडल्स, ब्लैक व्हील आर्चेस, बेहतर एयरोडायनामिक्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए अलॉय व्हील्स और ब्लैक सी-पिलर एक्सेंट मिलते हैं। पीछे की तरफ रैपअराउंड एलईडी टेल-लैंप्स दिए गए हैं, जिन्हें बीच में लगा इल्यूमिनेटेड VW लोगो जोड़ता है।
सामान रखने के लिए 534 लीटर का बूट स्पेस
फैमिली एसयूवी खरीदने वालों के लिए सामान रखने की जगह भी अहम होती है। ID. टिगुआन में 534 लीटर का बूट स्पेस मिलता है। इसके अलावा, फ्रंट में 32 लीटर का अतिरिक्त स्टोरेज स्पेस यानी फ्रंक भी दिया गया है। इसमें छोटे सामान रखे जा सकते हैं।
केबिन में तीन स्क्रीन, पैसेंजर के लिए भी अलग डिस्प्ले
ID. टिगुआन का इंटीरियर आधुनिक तकनीक और डिजिटल फीचर्स पर केंद्रित है। इसके केबिन में तीन डिस्प्ले दिए गए हैं।
- 15 इंच की सेंट्रल टचस्क्रीन: इन्फोटेनमेंट और दूसरे जरूरी फीचर्स को कंट्रोल करने के लिए।
- 10 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले: ड्राइविंग से जुड़ी जानकारी देखने के लिए।
- 12 इंच की पैसेंजर स्क्रीन: आगे बैठे यात्री के लिए अलग डिस्प्ले, जिसमें प्राइवेसी तकनीक भी दी गई है।
इस सेटअप में ड्राइवर और आगे बैठे यात्री को अपनी जरूरत के मुताबिक अलग-अलग स्क्रीन का इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी।
पैनोरमिक सनरूफ से लेकर मसाज सीट तक क्या-क्या है खास?
फॉक्सवैगन ने ID. टिगुआन में कई ऐसे फीचर्स दिए हैं, जो इसे प्रीमियम एसयूवी की श्रेणी में रखते हैं। इनमें पैनोरमिक सनरूफ और पावर्ड फ्रंट सीट्स शामिल हैं। इन सीटों में वेंटिलेशन, मसाज और मेमोरी फंक्शन मिलता है।
इसके अलावा, एसयूवी में 480W का हरमन कार्डन प्रीमियम साउंड सिस्टम दिया गया है। अन्य सुविधाओं में वायरलेस स्मार्टफोन चार्जिंग और एम्बिएंट लाइटिंग शामिल हैं।
इसमें डिजिटल की का फीचर भी मिलता है, जिससे डिजिटल तरीके से वाहन तक पहुंच और इस्तेमाल की सुविधा मिल सकती है। साथ ही, व्हीकल-टू-लोड(V2L) क्षमता दी गई है। इस तकनीक के जरिए कार की बैटरी से अनुकूल बाहरी इलेक्ट्रिकल डिवाइस को बिजली दी जा सकती है। सुरक्षा और ड्राइविंग में मदद के लिए इसमें लेवल 2 ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम भी दिया गया है।
ग्राहकों की मांग पर लौटे फिजिकल बटन
नई ID. टिगुआन के केबिन में सिर्फ टचस्क्रीन पर निर्भर रहने के बजाय कुछ जरूरी कामों के लिए फिजिकल कंट्रोल्स भी दिए गए हैं। कंपनी ने ग्राहकों से मिले फीडबैक के बाद यह बदलाव किया है।
स्टीयरिंग व्हील पर फिजिकल बटन दिए गए हैं, जबकि सेंटर कंसोल में क्लाइमेट कंट्रोल के लिए अलग बटन मिलते हैं। इससे ड्राइवर को तापमान या दूसरे जरूरी फंक्शन बदलने के लिए हर बार टचस्क्रीन के मेन्यू में जाने की जरूरत कम होगी।
पुराने फॉक्सवैगन मॉडल्स की दिखेगी झलक
ID. टिगुआन में आधुनिक तकनीक के साथ कंपनी के पुराने मॉडल्स की झलक भी देखने को मिलेगी। ड्राइवर अपने डैशबोर्ड को क्लासिक वोक्सवैगन कारों से प्रेरित रेट्रो डिस्प्ले के साथ कस्टमाइज कर सकेंगे।
इसका डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर गोल्फ IV, गोल्फ II कंट्री, टिगुआन I, रेस टॉरेग और बीटल जैसे पुराने मॉडल्स के इंस्ट्रूमेंटेशन की नकल कर सकता है। इससे ड्राइवर आधुनिक डिजिटल डिस्प्ले पर कंपनी की पुरानी कारों जैसा लुक चुन सकेंगे।
वन-पेडल ड्राइविंग और कनेक्टेड ट्रैवल असिस्ट
ID. फॉक्सवैगन में वन-पेडल ड्राइविंग का फीचर भी मिलेगा। इस तकनीक में ड्राइवर एक्सीलरेटर पैडल को दबाकर कार की रफ्तार बढ़ा सकता है और उसे छोड़ने पर रीजनरेटिव ब्रेकिंग के जरिए कार की गति कम हो सकती है। इससे सामान्य परिस्थितियों में बार-बार ब्रेक पैडल का इस्तेमाल करने की जरूरत घट सकती है।
इसके अलावा, इसमें कनेक्टेड ट्रैवल असिस्ट दिया गया है। यह सिस्टम मोटरवे पर लेन बदलने में सहायता करने और ट्रैफिक लाइट पहचानने जैसे कामों को सपोर्ट करता है। यह ड्राइवर की मदद के लिए बनाया गया फीचर है, न कि पूरी तरह खुद चलने वाली कार की तकनीक।
चार ट्रिम में आएगी इलेक्ट्रिक टिगुआन
वोक्सवैगन ID. फॉक्सवैगन को चार ट्रिम लेवल्स में पेश करेगी। इनके नाम ट्रेंड, लाइफ, स्टाइल और आर-लाइन हैं। अलग-अलग ट्रिम के हिसाब से फीचर्स और उपकरणों का संयोजन अलग हो सकता है।
एक और खास बात यह है कि इलेक्ट्रिक ID. फॉक्सवैगन का निर्माण कंपनी कम्बशन इंजन वाली टिगुआन के साथ ही करेगी। इस तरह टिगुआन नाम के तहत ग्राहकों को इलेक्ट्रिक के साथ पारंपरिक इंजन का विकल्प भी मिलता रहेगा।
क्या भारत में लॉन्च होगी फॉक्सवैगन ID. टिगुआन
फिहलाल भारत में लॉन्च होगी या नहीं, इसे लेकर कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फॉक्सवैगन ने भारत में ID. टिगुआन लाने की योजना का एलान नहीं किया है। कंपनी बाद में अपनी स्थानीय इलेक्ट्रिक वाहन रणनीति के बारे में जानकारी देगी। इसलिए अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि ID. टिगुआन भारत में कब आएगी या यहां इसकी कीमत कितनी होगी।
क्यों खास है फॉक्सवैगन ID. टिगुआन ?
ID. टिगुआन फॉक्सवैगन की लोकप्रिय एसयूवी को इलेक्ट्रिक तकनीक के साथ आगे बढ़ाने की कोशिश है। इसमें 600 किमी तक की दावा की गई रेंज, 299PS तक की पावर, 534 लीटर का बूट स्पेस, तीन स्क्रीन वाला केबिन और प्रीमियम सुविधाएं मिलती हैं। वहीं, फिजिकल बटन और पुराने मॉडल्स से प्रेरित डिजिटल डिस्प्ले इसे अलग पहचान देते हैं।