टेस्ला का FSD v15 अपडेट: अब स्क्रीन पर ही दिखेगा सड़क और आसपास का रियल-टाइम व्यू, सुरक्षा में कितना हुआ सुधार?
- टेस्ला ने FSD v15 रोलआउट शुरू किया।
- नया रियलिटी व्यू फीचर पेश किया है।
- अब स्क्रीन पर टैप कर सकेंगे चालक।
- दिसंबर में होगा बड़े स्तर पर होगा रोलआउट।
विस्तार
टेस्ला ने अपनी सेल्फ-ड्राइविंग तकनीक को और बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने फुल सेल्फ-ड्राइविंग (सुपरवाइज्ड) यानी FSD v15 का रोलआउट शुरू कर दिया है। इस अपडेट की खास बात है कि इसमें नया टेस्ला रियलिटी व्यू फीचर मिला है। जिसकी मदद से चालक स्क्रीन पर सड़क और आसपास की चीजों का रियल-टाइम विजुअल देख सकेंगे। इतना ही नहीं, वे स्क्रीन पर किसी जगह टैप करके कार को उस दिशा में जाने का निर्देश भी दे सकेंगे।
कंपनी का दावा है कि नए अपडेट में सुरक्षा से जुड़े अहम मामलों को संभालने की क्षमता को 25 गुना बेहतर किया गया है। इसके अलावा गड्ढों, जानवरों, सड़क पर पड़े मलबे और ट्रैफिक साइन की पहचान करने की क्षमता में भी सुधार किया गया है। एलन मस्क ने संकेत दिया है कि दिसंबर में इस अपडेट को बड़े स्तर पर जारी किया जाएगा। फिलहाल इसे शुरुआती यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।
Tesla FSD v15 में क्या है खास?
- कंपनी का कहना है किFSD v15 में एंड-टू-एंड ड्राइविंग नेटवर्क के लगभग हर हिस्से को अपग्रेड किया गया है। कंपनी ने इसके लिए अपग्रेडेड विजन एनकोडर तैयार किया है, जिसका इस्तेमाल FSD, रोबोटैक्सी और ऑप्टिमस प्रोजेक्ट में भी किया जाएगा।
- इस सिस्टम को बेहतर तरीके से प्रशिक्षित करने के लिए लाखों इंटरनेट वीडियो का इस्तेमाल किया गया है। इससे एआई को सड़क और उसके आसपास होने वाली एक्टिविटी को समझने में काफी आसानी होगी। कंपनी का कहना है कि इस बदलाव से सुरक्षा से जुड़े मामलों में 25 गुना सुधार हुआ है।
- यहां ध्यान देने वाली बात है कि FSD के नाम में फुल सेल्फ-ड्राइविंग होने के बावजूद यह सुपरवाइज्ड सिस्टम है। यानी ड्राइवर को गाड़ी पर लगातार नजर रखनी होगी और जरूरत पड़ने पर कंट्रोल भी संभालना पड़ सकता है।
Tesla Reality View: स्क्रीन पर दिखेगा कार का अगला कदम
- इस गजब के अपडेट का सबसे ज्यादा चर्चित इसका टेस्ला रियलिटी व्यू अपडेट है। यह एक नया जनरेटिव ड्राइविंग विजुअलाइजेशन फीचर है, जो कार के आसपास की सड़क, इमारतों और ड्राइविंग से जुड़े दूसरे संकेतों को लाइव दिखाता है।
- इस फीचर की मदद से ड्राइवर समझ सकेंगे कि एफएसडी आगे क्या करने की योजना बना रहा है। इसमें कार का तय किया गया रास्ता नीले रंग में दिखाई देता है। साथ ही, गाड़ी के ऊपर मौजूद किसी भी वर्चुअल कैमरा एंगल से लगातार लाइव विजुअल देखा जा सकता है।
- इस फीचर की खास बातों की बात करें तो यह ड्राइवर फुलस्क्रीन विजुअलाइजेशन चुन सकते हैं। मैप और स्प्लिट व्यू का विकल्प मिलेगा। शांत अनुभव के लिए क्वाइट मोड मिलेगा। आने वाले मोड़ स्क्रीन पर दिखाई देंगे। टर्न सिग्नल की आवाज धीमी होगी और तो और कुछ क्लिक के बाद टर्न सिग्नल बंद हो जाएंगे।
- इसके साथ इसमें एक और खास सुविधा है कि ड्राइवर रियलिटी विजुअलाइजर पर किसी भी जगह टैप कर सकते हैं। इसके बाद कार उस जगह की ओर बढ़ने का निर्देश ले सकती है। यानी ड्राइविंग के दौरान स्क्रीन पर दिखाई देने वाले विजुअल के जरिए कार की दिशा को कंट्रोल करना संभव होगा।
In FSD V15, the Tesla AI computer re-renders reality with chevrons in the sky for turns like a video game. You can tap any point on the reality revisualizer to make your car go there. https://t.co/A5ZB2yFkd7
— Elon Musk (@elonmusk) November 21, 2026
गड्ढों, जानवरों और सड़क के मलबे की बेहतर पहचान
- नए अपडेट को लेकर कंपनी अब यह भी दावा कर रही है कि FSD v15 में सड़क पर आने वाली बाधाओं को पहचानने और उनसे बचने की क्षमता भी बेहतर की गई है। अब सिस्टम सड़क पर मौजूद कई तरह की चीजों को पहले से बेहतर तरीके से समझ सकेगा। कंपनी के रिलीज नोट्स के मुताबिक, सड़क के संकेत और साइनबोर्ड, छोटे जानवर, सड़क पर पड़ा मलबा, सड़क पर मौजूद जंजीरें, गड्ढे और सड़क की खराब स्थिति और जमा हुआ पानी और गहरा पानी जैसी चीजों की पहचान में सुधार किया गया है।
- इसके अलावा स्कूल जोन और खराब मौसम में कार की गति को नियंत्रित करने के तरीके को भी बेहतर बनाया गया है। कंपनी का कहना है कि अब अलग-अलग ड्राइवर प्रोफाइल, स्कूल जोन, स्पीड लिमिट और खराब मौसम के हिसाब से स्पीड मैनेजमेंट अधिक स्वाभाविक होगा।
