सिर्फ 18 लोगों को मिलेगी रेंज रोवर की यह खास एसयूवी: राजस्थान की विरासत से सजा है डिजाइन, जानें इसकी खासियत
- रेंज रोवर SV सवाई कलेक्शन लॉन्च ।
- सिर्फ 18 यूनिट्स बनाई जाएंगी।
- तीन राजस्थान शहरों से प्रेरित है डिजाइन।
- चार सीटों वाला लग्जरी केबिन मिलेगा।
विस्तार
कार बाजार में एक और लग्जरी एसयूवी की एंट्री हुई है। लैंड रोवर ने भारत में रेंज रोवर SV सवाई कलेक्शन लॉन्च किया है। इसकी शुरुआती कीमत 4.90 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। खास बात है कि इस कलेक्शन की सिर्फ 18 यूनिट्स ही बनाई जाएंगी, लेकिन राजस्थान के तीन शहरों से प्रेरित इस खास एसयूवी में ऐसा क्या है, जो इसे बाकी मॉडल्स से अलग बनाता है? आइए जानते हैं।
राजस्थान के तीन शहरों से प्रेरित है यह कार
- लैंड रोवर ने भारत में रेंज रोवर एसवी सवाई कलेक्शन को 4.90 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर लॉन्च किया है। इससे पहले कंपनी एसवी रणथंभौर और एसवी मसारा एडिशन पेश कर चुकी है।
- सवाई कलेक्शन को राजस्थान के तीन शहरों जयपुर, जोधपुर और जैसलमेर की स्थापत्य कला और सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। इसमें तीन अलग-अलग एडिशन सवाई जयपुर, सवाई जोधपुर और सवाई जैसलमेर शामिल हैं। हर एडिशन की सिर्फ छह यूनिट्स बनाई जाएंगी। इस तरह पूरे कलेक्शन की कुल 18 यूनिट्स ही उपलब्ध होंगी।
एक्सटीरियर में मिलते हैं ये खास बदलाव
- बाहरी खासियत की बात करें तो तीनों एडिशन में कुछ खास डिजाइन एलिमेंट्स कॉमन रखे गए हैं। इनमें 23-इंच के शैम्पेन अलॉय व्हील्स और 'एटलस सिल्वर' एक्सटीरियर पैक शामिल हैं।
- इसके अलावा रेंज रोवर की ब्रांडिंग को 24-कैरेट गोल्ड-प्लेटेड सराउंड दिया गया है। हर एसयूवी में एक खास पर्सनलाइज्ड प्लाक भी मिलेगी, जिस पर संबंधित एडिशन का नाम और एक से छह की लेटरिंग या प्लेक होगी। इससे हर गाड़ी की लिमिटेड एडिशन पहचान अलग नजर आएगी।
सवाई जयपुर एडिशन: पिंक सिटी से प्रेरित डिजाइन
- सवाई जयपुर एडिशन को पिंक सिटी की पहचान और वास्तुकला से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। इसके एक्सटीरियर में रोज-टिंटेड फिनिश मिलती है, जबकि केबिन में एक्रू और डीप गार्नेट कलर का कॉम्बिनेशन दिया गया है।
- इसके इंटीरियर की सबसे खास बात सीटों पर की गई एम्ब्रॉयडरी है। इसमें जयपुर के मशहूर हवा महल के झरोखा पैटर्न से प्रेरणा ली गई है। वहीं, स्टीयरिंग व्हील को डीप गार्नेट और एबोनी लेदर फिनिश दी गई है।
सवाई जोधपुर एडिशन: ब्लू सिटी की झलक
- वहीं, सवाई जोधपुर एडिशन में ब्लू सिटी की पहचान को दिखाया गया है। इसमें सॉफ्ट ब्लू एक्सटीरियर दिया गया है। इसके केबिन में पर्लिनो और रिवेरा थीम का इस्तेमाल किया गया है।
- इस एडिशन की सीटों पर की गई एम्ब्रॉयडरी जोधपुर के महलों और किलों में नजर आने वाले 'जाली' पैटर्न से प्रेरित है। इसके अलावा फ्लोर कार्पेट को लिबर्टी ब्लू कलर में रखा गया है, जिसके साथ मैचिंग लेदर बाइंडिंग दी गई है।
सवाई जैसलमेर एडिशन: गोल्डन सिटी का खास अंदाज
इसके अलावा सवाई जैसलमेर एडिशन को गोल्डन सिटी के नाम से मशहूर जैसलमेर की पहचान से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। इसके एक्सटीरियर में गोल्डन फिनिश दी गई है, जबकि केबिन में पर्लिनो और कैरावे ड्यूओटोन थीम मिलती है।
इसकी सीटों पर की गई एम्ब्रॉयडरी में जैसलमेर की पारंपरिक ब्लॉक प्रिंटिंग और जैसलमेर किले की वास्तुकला की झलक देखने को मिलती है।
चार सीटों वाला लग्जरी केबिन, पीछे बैठने वालों को खास सुविधाएं
- साथ ही लॉन्च हुई सभी 18 गाड़ियां लॉन्ग-व्हीलबेस रेंज रोवर एसवी पर आधारित हैं। इनमें चार सीटों वाला कॉन्फिगरेशन दिया गया है। यानी कंपनी ने खास तौर पर पीछे बैठने वाले यात्रियों के आराम और सुविधाओं पर ध्यान दिया है।
- रियर पैसेंजर्स के लिए रिक्लाइनिंग सीटें दी गई हैं। इनमें हीटिंग, कूलिंग और मसाज फंक्शन मिलता है। इसके अलावा पीछे बैठने वालों के लिए रियर एंटरटेनमेंट स्क्रीन और फोल्ड-आउट टेबल्स भी दी गई हैं। इससे सफर के दौरान यात्रियों को ज्यादा आराम और सुविधा मिलती है।
4.4-लीटर V8 इंजन, 537 हॉर्सपावर की ताकत
- इस खास कलेक्शन में सिर्फ डिजाइन और लग्जरी पर ही ध्यान नहीं दिया गया है, बल्कि इसमें दमदार इंजन भी मिलता है। रेंज रोवर एसवी सवाई एडिशन में 4.4-लीटर ट्विन-टर्बो पेट्रोल V8 इंजन दिया गया है।
- यह इंजन 537 हॉर्सपावर की पावर और 750 न्यूटन-मीटर का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ आठ-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है।
भारत के लिए तैयार की गई तीसरी खास सीरीज
- यहभारत के लिए तैयार की गई कंपनी की तीसरी बेस्पोक सीरीज है। इससे पहले एसवी रणथंभौर और एसवी मसारा एडिशन पेश किए गए थे।
- इस कलेक्शन के जरिए कंपनी ने राजस्थान की स्थानीय संस्कृति, स्थापत्य कला और विरासत को लग्जरी कार के डिजाइन से जोड़ने की कोशिश की है। तीन शहरों से प्रेरित तीन अलग-अलग थीम, खास इंटीरियर और सीमित संख्या में उपलब्ध यूनिट्स इसे खास बनाते हैं।