Auto Tips: साधारण पेट्रोल से कितना अलग होता है पावर पेट्रोल, जरूर जानिए रोचक जानकारी
आप गाड़ी में फ्यूल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप जाते होंगे। ऐसे में क्या आप जानते हैं कि पावर पेट्रोल सामान्य पेट्रोल से कितना अलग है। जानिए इस खबर में क्या है दोनों तरह के फ्यूल में अंतर।
विस्तार
आपके पास अगर फ्यूल वाला वाहन है तो जाहिर सी बात है कि आप पेट्रोल या डीजल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर जाते होंगे। ऐसे में आप पेट्रोल या डीजल, मतलब वाहन के इंजन के हिसाब से फ्यूल भरवा लेते होंगे। मगर क्या आपने कभी पावर पेट्रोल के बारे में सुना या पढ़ा है, अगर नहीं तो आज आपको एक खास जानकारी मिल सकती है।
अगर आपने कभी पेट्रोल पंप पर ध्यान दिया हो तो आपको पता चलेगा कि स्टेशन पर एक साधारण पेट्रोल होता है और दूसरा पावर पेट्रोल। ऐसे में सवाल है कि इन दोनों में कौन सा फ्यूल बेहतर होता है, इस संबंध में बेहद ही कम लोगों को जानकारी है।
जानिए क्या होता है पावर पेट्रोल
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गैस स्टेशन पर अलग-अलग तरह के फ्यूल होते हैं। सामान्य पेट्रोल की तुलना में पावर पेट्रोल ज्यादा महंगा होता है। इसके पीछे की वजह है कि इस पेट्रोल की गुणवत्ता काफी बेहतर होती है। बता दें कि पावर पेट्रोल को एक्सट्रा माइल या फिर हाईस्पीड फ्यूल भी कहा जाता है।
साधारण पेट्रोल से कितना अलग होता है पावर पेट्रोल
पावर पेट्रोल सामान्य पेट्रोल से काफी बेहतर होता है, क्योंकि इसमें ऑक्टाइन की मात्रा काफी ज्यादा होती है। पावर पेट्रोल में ऑक्टाइन की मात्रा 90 से 94 तक होती है, जबकि सामान्य पेट्रोल में 87 तक होती है। अगर आप ऑक्टाइन के बारे में नहीं जानते हैं तो आपको बता दें कि पेट्रोल इंजन से आने वाली आवाज बेहद कम हो जाती है। साथ ही गाड़ी का इंजन अपनी पूरी क्षमता के साथ काम करता है।
पावर पेट्रोल से क्या होते हैं फायदे
सामान्य पेट्रोल के मुकाबले पावर पेट्रोल काफी महंगा तो होता है, मगर इसके इस्तेमाल से कई सारे लाभ भी होते हैं। अगर पावर पेट्रोल का इस्तेमाल गाड़ी में किया जाए तो इससे गाड़ी की गति बढ़ जाती है। साथ ही वाहन की माइलेज भी पहले से बेहतर होती है, क्योंकि पावर पेट्रोल की गुणवत्ता काफी अच्छी होती है। इतना ही नहीं, सर्दियों के मौसम में भी जब साधारण पेट्रोल वाली गाड़ी स्टार्ट होने में समय लेती है तो पावर पेट्रोल वाला वाहन जल्दी से इंजन को शुरू कर देता है।