नई ऑडी क्यू3 की बुकिंग शुरू: जल्द हो सकती है लॉन्च, जानें क्या-क्या होगा खास और किन कारों को देगी टक्कर
लग्जरी कार निर्माता कंपनी ऑडी ने भारत में अपनी बहुप्रतीक्षित थर्ड-जनरेशन क्यू3 एसयूवी की प्री-लॉन्च बुकिंग आधिकारिक रूप से शुरू कर दी है। ग्राहक केवल एक लाख रुपये की टोकन राशि देकर इस नई लग्जरी एसयूवी को बुक कर सकते हैं। दमदार 2.0-लीटर टीएसआई पेट्रोल इंजन, ऑडी क्वाट्रो ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम और कई आधुनिक फीचर्स से लैस यह कार क्या बीएमडब्ल्यू X1 और मर्सिडीज-बेंज जीएलए को चुनौती दे पाएगी? जानिए यहां विस्तार से।
विस्तार
ऑडी ने भारत के लिए थर्ड-जनरेशन क्यू3 का खुलासा करने के कुछ ही दिनों बाद इसकी बुकिंग विंडा भी खोल दी है। ग्राहक एक लाख रुपये का टोकन देकर नई क्यू3 अपने नाम कर सकते हैं। हालांकि इसके आधिकारिक कीमत अभी सामने नहीं आई है, यह कुछ हफ्तो बाद रिवील हो सकती है। साथ ही यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि इसे त्योहारी सीजन के आसपास भारतीय बाजार में पेश किया जा सकता है।
कैसे करें ऑडी क्यू3 की बुकिंग?
नई ऑडी क्यू3 को खरीदने के इच्छुक ग्राहक अभी से इसकी प्री-लॉन्च बुकिंग करा सकते हैं। ऑडी ने इसके लिए एक लाख का टोकन अमाउंट तय किया है। ग्राहक एसयूवी को इन माध्यमों से बुक कर सकते हैं।
- पहला- ऑडी इंडिया की वेबसाइट पर जाकर आप इसे रिजर्व कर सकते हैं।
- दूसरा- इसके अलावा आप माईऑडी कनेक्ट एप का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। या देशभर के अधिकृत ऑडी डीलरशिप के जरिए कराई जा सकती है।
कितनी हो सकती है संभावित कीमत?
- भारतीय बाजार में नई ऑडी की संभावित कीमत करीब 60 लाख (एक्स-शोरूम) पर पोजिशन किए जाने की संभावना है। हालांकि, कंपनी ने अभी नई क्यू3 की आधिकारिक कीमत का खुलासा नहीं किया है। इसकी कीमत आने वाले हफ्तों में सामने आने की उम्मीद है।
- लॉन्च के बाद इसका मुकाबला एंट्री-लेवल लग्जरी एसयूवी सेगमेंट में बीएमडब्ल्यू एक्स1 और मर्सिडीज-बेंज जीएलए जैसी गाड़ियों से होगा। त्योहारी सीजन के आसपास कीमत सामने आने की उम्मीद है, ऐसे में कंपनी इस दौरान बिक्री शुरू करके फेस्टिव डिमांड का फायदा उठाना चाहती है।
किन-किन चीजों की हुई पुष्टि?
- नई क्यू3 के पावरट्रेन को लेकर ऑडी इंडिया ने अब तस्वीर साफ कर दी है। देश में दस्तक देने वाली इस कार में 2.0-लीटर टीएसआई पेट्रोल इंजन दिया जाएगा। यह इंजन 204 PS की पावर और 320 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को 7-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है।
- इसके अलावा इंडिया-स्पेक क्यू3 में ऑडी का क्वाट्रो ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम भी मिलेगा। ग्लोबल मार्केट में थर्ड-जनरेशन क्यू3 को पेट्रोल, डीजल और प्लग-इन हाइब्रिड जैसे अलग-अलग पावरट्रेन के साथ पेश किया जाता है, लेकिन भारत में कंपनी ने 2.0-लीटर टीएसआई पेट्रोल सेटअप की पुष्टि की है।
पहले से ज्यादा बड़ी और शार्प होगी क्यू3
- नई ऑडी क्यू3 को कंपनी ने ज्यादा मॉडर्न और शार्प डिजाइन दिया है।
- थर्ड-जनरेशन क्यू3 अपने पिछले मॉडल की तुलना में हर डायमेंशन में बड़ी है। इसके फ्रंट में ज्यादा चौड़ी सिंग्लफ्रेम ग्रिल, स्प्लिट एलईडी हेडलैम्प्स और ज्यादा उभरी हुई कैरेक्टर लाइन्स मिलती हैं। इन बदलावों की वजह से एसयूवी की रोड प्रेजेंस पहले से ज्यादा मजबूत नजर आती है।
- साथ ही नई ऑडी क्यू3 की लाइटिंग में भी आपको बड़ा अपग्रेड देखने को मिल सकता है। इस एसयूवी में बेहतर विजिबिलिटी के लिए माइक्रो-एलईडी टेक्नोलॉजी वाली डिजिटल मैट्रिक्स एलईडी हेडलाइट्स का विकल्प दिया गया है।
- यह फीचर क्यू3 को न सिर्फ ज्यादा प्रीमियम लुक देता है, बल्कि रात में ड्राइविंग के दौरान बेहतर रोशनी देने के लिए भी डिजाइन किया गया है।
पीछे OLED टेल-लैंप्स का नया सेटअप
- न्यू ऑडी के रियर प्रोफाइल में भी कई बदलाव मिले हैं। इसमें डिजिटल ओलेड टेल-लैम्प्सदिए गए हैं, जिन्हें एक फुल-विथ एलईडी लाइट बार से जोड़ा गया है।
- इसके अलावा रियर में इल्यूमिनेटेड ऑडी रिंग्स भी मिलते हैं। जो फीचर ऑडी की कॉम्पैक्ट एसयूवी रेंज में पहली बार दिया गया है। इससे नई क्यू3 का रियर डिजाइन पहले से ज्यादा आधुनिक और प्रीमियम दिखाई देता है।