Lexus TZ: आ गई लेक्सस की पहली 3-रो इलेक्ट्रिक SUV, 6-7 लोगों की सीटिंग क्षमता और सिंगल चार्ज में 530km की रेंज
Lexus TZ Electric SUV: लेक्सस ने अपनी पहली 3-रो (तीन-पंक्ति वाली) लग्जरी इलेक्ट्रिक एसयूवी, Lexus TZ से पर्दा उठा दिया है। 'ड्राइविंग लाउंज' के कॉन्सेप्ट पर बनी यह शानदार ईवी एक बार फुल चार्ज होने पर 530 किलोमीटर तक की रेंज देती है। इस लेख में जानेंगे इस दमदार एसयूवी के आकर्षक डिजाइन, लाउंज जैसे बेहद आरामदायक और शांत केबिन, एडवांस फीचर्स और महज 35 मिनट की सुपरफास्ट चार्जिंग से जुड़ी सभी जरूरी बातें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लग्जरी कार निर्माता लेक्सस ने अपनी बिल्कुल नई और पहली थ्री-रो इलेक्ट्रिक एसयूवी, Lexus TZ से पर्दा उठा दिया है। इसे कंपनी के 'ड्राइविंग लाउंज' कॉन्सेप्ट पर बनाया गया है। इसका सीधा मतलब है कि इसमें यात्रियों के आराम, शानदार स्पेस और प्रीमियम अनुभव पर सबसे ज्यादा फोकस किया गया है। लेक्सस लाइन-अप में यह नई एसयूवी मौजूदा RZ मॉडल से ऊपर रखी जाएगी। आइए आसान जानते हैं इस नई लग्जरी इलेक्ट्रिक एसयूवी की सभी बड़ी खूबियां:
डिजाइन और एक्सटीरियर लुक
Lexus TZ का डिजाइन न केवल आकर्षक और मॉडर्न है, बल्कि इसे हवा के दबाव को कम करने (एयरोडायनामिक्स) के लिहाज से काफी स्लीक बनाया गया है। इसके फ्रंट लुक की बात करें तो यहां इलेक्ट्रिक वाहनों की पहचान वाली 'क्लोज्ड-ऑफ' ग्रिल दी गई है। इसमें चमकता हुआ लेक्सस लोगो, C-शेप के हेडलैंप और L-शेप के डे-टाइम रनिंग लैंप्स (DRLs) इसके चेहरे को दमदार बनाते हैं। गाड़ी की बनावट में फ्लश-फिटिंग डोर हैंडल्स और वेरिएंट के अनुसार 20-इंच या 22-इंच के एयरो-ऑप्टिमाइज्ड अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जो इसकी कार्यक्षमता को बढ़ाते हैं।
वहीं इसके रियर प्रोफाइल में पूरी चौड़ाई को कवर करने वाली एक स्टाइलिश लाइट बार मौजूद है जिस पर 'Lexus' लिखा हुआ है। यह एसयूवी 11 रंगों के विकल्प में उपलब्ध होगी, जिसमें नया 'सोनिक टेलस' (खाकी ग्रीन) शेड भी शामिल है। अगर बात बूट स्पेस की करें तो सभी 3-रो सीटों के साथ इसमें 290 लीटर की जगह मिलती है। लेकिन जरूरत पड़ने पर पीछे की दोनों लाइनों को मोड़कर इसे 2,017 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है।
शानदार इंटीरियर और मॉडर्न फीचर्स
Lexus TZ का केबिन लग्जरी और सुकून का एक बेजोड़ उदाहरण है। कंपनी का दावा है कि यह उनके अब तक के सभी मॉडल्स में सबसे शांत केबिन वाली एसयूवी है। इसके अंदर कदम रखते ही आपको 'लाउंज' जैसा अहसास होता है। जहां दूसरी पंक्ति में हीटिंग और वेंटिलेशन सुविधा वाली कैप्टन सीटें दी गई हैं, जो पैरों को आराम देने के लिए 'ओटोमन एक्सटेंशन' के साथ आती हैं। डैशबोर्ड के डिजाइन को काफी आधुनिक रखा गया है, जिसमें एक बड़ी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट स्क्रीन, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और हेड-अप डिस्प्ले के साथ एक शानदार पैनोरमिक सनरूफ मिलता है।
प्रीमियम फीचर्स के तौर पर इसमें 21-स्पीकर वाला 'Mark Levinson' साउंड सिस्टम और एम्बिएंट लाइटिंग दी गई है, जबकि इसके टच-सेंसिटिव कंट्रोल हाथ पास ले जाते ही खुद ही रोशन हो जाते हैं। सुरक्षा के लिहाज से इसमें लेवल-2 ADAS (लेक्सस सेफ्टी सिस्टम+) और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स शामिल हैं। खास बात यह है कि लेक्सस ने इसमें पर्यावरण का भी ख्याल रखा है। केबिन के अंदर 'जापानी बांस' और बायो-बेस्ड 'अल्ट्रा-साबर' जैसे टिकाऊ मैटेरियल्स का इस्तेमाल कर इसे सस्टेनेबल और आलीशान बनाया गया है।
बैटरी, रेंज और परफॉरमेंस
परफॉरमेंस के मामले में Lexus TZ एक बेहद दमदार इलेक्ट्रिक एसयूवी है, जिसे विशेष तौर पर ईवी प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। ग्राहकों के लिए इसमें दो बैटरी पैक के विकल्प दिए गए हैं, जिसमें 76.96kWh और एक बड़ा 95.8kWh का पैक शामिल है। अपनी बड़ी बैटरी की बदौलत यह एसयूवी फुल चार्ज होने पर 530 किलोमीटर (WLTP क्लेम) तक की शानदार रेंज प्रदान करती है। रफ्तार के शौकीनों के लिए इसका डुअल-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) सिस्टम 408hp की पावर जनरेट करता है। जिससे यह मात्र 5.4 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ लेती है।
चार्जिंग को आसान बनाने के लिए यह 150kW DC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है, जिससे अनुकूल परिस्थितियों में इसे केवल 35 मिनट में 10% से 80% तक चार्ज किया जा सकता है। इसके अलावा, इसमें 'व्हीकल-टू-होम' (V2H) जैसा एडवांस फीचर भी मिलता है। जो जरूरत पड़ने पर गाड़ी की बैटरी से आपके घर को बिजली देने की क्षमता रखता है।