Ferrari: भारत में लॉन्च हुई 10.37 करोड़ की नई सुपरकार फेरारी 849 टेस्टारोसा, रफ्तार जानकर रह जाएंगे दंग
Ferrari 849 Testarossa India Launch: रफ्तार और लग्जरी के दीवानों के लिए फेरारी ने भारत में अपनी नई और दमदार सुपरकार फेरारी 849 टेस्टारोसा लॉन्च कर दी है। करीब ₹10.37 करोड़ की शुरुआती कीमत वाली यह एडवांस प्लग-इन हाइब्रिड कार पलक झपकते ही यानी मात्र 2.3 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। और क्या है इस गाड़ी में खास आइए जानते हैं इस लेख में...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इटली की मशहूर लग्जरी स्पोर्ट्स कार कंपनी फेरारी ने भारतीय बाजार में तहलका मचाते हुए अपनी नई सुपरकार फेरारी 849 टेस्टारोसा को लॉन्च कर दिया है। मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर (BKC) में आयोजित एक शानदार इवेंट में इस कार से पर्दा उठाया गया। अगर आप रफ्तार के शौकीन हैं तो यह कार आपके होश उड़ाने के लिए काफी है। इस नई सुपरकार की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत लगभग ₹10.37 करोड़ रखी गई है। आइए जानते हैं क्या है इस कार में खास:
इंजन और बेमिसाल रफ्तार
ये फेरारी की अब तक की सबसे दमदार कारों में से एक है। 849 टेस्टारोसा एक प्लग-इन हाइब्रिड कार है। इसका सीधा सा मतलब है कि इसमें पेट्रोल इंजन के साथ-साथ इलेक्ट्रिक मोटर की ताकत भी मिलती है। परफॉर्मेंस को बेहतरीन बनाने के लिए इसमें नया मिड-रियर ट्विन-टर्बो V8 इंजन दिया गया है। इसे तीन इलेक्ट्रिक मोटरों के साथ बड़ी ही खूबी से जोड़ा गया है। ये शानदार हाइब्रिड सेटअप मिलकर 1,050 CV की जबरदस्त पावर जनरेट करता है। इसी बेमिसाल पावर की बदौलत यह कार हवा से बातें करती है और 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार मात्र 2.3 सेकंड से भी कम समय में पकड़ लेती है। वहीं, 0 से 200 किमी/घंटा की स्पीड तक पहुंचने में इसे केवल 6.35 सेकंड का समय लगता है।
एडवांस फीचर्स और बेहतरीन कंट्रोल
इतनी तेज रफ्तार पर कार को सुरक्षित और सड़क पर मजबूती से टिकाए रखने के लिए इसमें बेहद स्मार्ट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। इसके शानदार एरोडायनामिक डिजाइन के तहत ट्विन-टेल रियर डिजाइन और एक्टिव रियर स्पॉइलर दिए गए हैं। ये हवा को चीरते हुए न सिर्फ कार की स्पीड बढ़ाते हैं, बल्कि उसे बेहतरीन बैलेंस भी देते हैं। इसके साथ ही, तेज रफ्तार में भी ड्राइवर का कार पर पूरा कंट्रोल रहे। इसके लिए इसमें 'FIVE' नाम का एक बेहद एडवांस इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल सिस्टम भी शामिल किया गया है।
फेरारी के टॉप मॉडल की लेगी जगह
इस सुपरकार को फेरारी के सीईओ बेनेडेटो विग्ना और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर एनरिको गैलिएरा ने लॉन्च किया। कंपनी ने बताया कि यह नई 849 टेस्टारोसा बाजार में पुरानी SF90 स्ट्राडेल की जगह लेगी और अब ब्रांड की सबसे टॉप कारों में गिनी जाएगी।
फेरारी के लिए भारत क्यों है खास?
भारत में लग्जरी कारों की डिमांड तेजी से बढ़ रही है। फेरारी के सीईओ का कहना है कि भारत एक युवा देश है और यहां के लोगों का जुनून फेरारी की सोच से बिल्कुल मेल खाता है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि पूरी दुनिया के मुकाबले भारत में फेरारी खरीदने वाले ग्राहकों की औसत उम्र सबसे कम है!
भारत में फेरारी का नेटवर्क
भारतीय ग्राहकों को बेहतरीन सर्विस और सुविधा देने के लिए फेरारी ने देश में अपना एक खास नेटवर्क तैयार किया है। नई कार खरीदने की चाहत रखने वाले ग्राहकों के लिए कंपनी ने मुंबई और नई दिल्ली में अपने शानदार शोरूम स्थापित किए हैं। वहीं, कारों की सर्विसिंग और ग्राहकों को हर तरह का टेक्निकल सपोर्ट देने के लिए बंगलूरू में एक अत्याधुनिक सर्विस सेंटर मौजूद है, ताकि फेरारी मालिकों को एक प्रीमियम और बिना किसी परेशानी वाला अनुभव मिल सके।