Auto Tips: कार को जंग से बचाना है तो मानसून से पहले जरूर करें यह काम, वरना डूब जाएंगे लाखों रुपये
देश में अगले कुछ दिनों में मानसून आने वाला है। ऐसे में कार के ड्रेनेज होल की सफाई करना बेहद जरूरी है। अगर नियमित तौर पर इनकी सफाई की जाएगी तो कार में जंग नहीं लगेगा। ऐसे में जानिए कार में कहां-कहां पर होते हैं ड्रेनेज होल।
विस्तार
अगर आपके कार है तो आप उसकी सफाई भी करते होंगे। कार की अगर नियमित तौर पर सफाई नहीं की जाए तो कार में काफी गंदगी हो जाएगी। बहुत से लोग कार को साफ-सुथरा रखते हैं, मगर गाड़ी को किस तरह से साफ करना है, यह जानकारी अधिकतर लोगों को नहीं पता होती है। दरअसल आने वाले समय में मानसून देश के अधिकतर हिस्सों में दस्तक दे देगा। ऐसे में कार के एक अहम हिस्से की सफाई करना बेहद जरूरी है। अगर समय पर कार के इस हिस्से की सफाई नहीं की गई तो कार में जंग लग सकती है। जंग लगने के बाद कार कबाड़ हो जाएगी।
कार में कहां-कहां पर मिलता है ड्रेनेज होल
आपको बता दें कि कार कंपनियां कार को इस तरह से डिजाइन करती हैं कि गाड़ी को साफ करते वक्त जो पानी अंदर चला जाता है, वो ड्रेनेज होल के जरिए आसानी से बाहर निकाला जा सकता है। कार चलाने वाले कई लोग कार के ड्रेनेज होल के बारे में नहीं जानते हैं। आगे जानिए कार में कहां पर होते हैं ड्रेनेज होल।
बोनट के किनारों पर मिलता है ड्रेनेज होल
कार के बोनट के किनारों पर छोटे-छोटे छेद होते हैं। कार की सफाई और बारिश का पानी कार में जाने पर इन छेदों के जरिए ही आसानी से बाहर आ जाता है। अगर कभी अंदर गया पानी बाहर नहीं आता है तो यह कार में जंग लगने का कारण बन सकता है। ऐसे में नियमित समय पर बोनट के किनारों पर दिए छेदों को साफ करना चाहिए।
कार के दरवाजों पर छोटे-छोटे छेद
कार में जहां पर फ्यूल डाला जाता है, यानी कि फ्यूल कैप के आसपास भी छोटे छेद दिए गए होते हैं। ऐसे में जब भी फ्यूल डालते समय या फिर बारिश का पानी इसमें जाता है तो छेदों के जरिए पानी बाहर निकाला जा सकता है। कार के दरवाजों के नीचे भी छोटे-छोटे होल होते हैं। गाड़ी की सफाई करते वक्त जो पानी कार के अंदर चला जाता है, वो इन्हीं छेदों के जरिए आसानी से बाहर आ जाता है।
विंडशील्ड और विंडों पर छेद
कार की विंडशील्ड पर वाइपर्स के किनारों पर भी पानी को बाहर निकालने के लिए छेद दिए गए होते हैं। इनकी मदद से कार के अंदर जाने वाले पानी को आसानी से बाहर निकाला जा सकता है। इसके साथ ही कार की पीछे वाली विंडो के किनारों पर भी ड्रेनेज के लिए छेद मिलते हैं। अगर इसमें बारिश और सफाई का पानी चला जाए तो इसे साफ करने के लिए छोटे ब्रश का सहारा लेना चाहिए। इसके अलावा ड्रेनेज को साफ करने के लिए किसी छोटे पाइप की मदद भी ली जा सकती है।