Kia Seltos पर फिदा हो रहे छोटे शहर के खरीदार, ग्राहकों को खास ‘गिफ्ट’ देने की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सब-4 मीटर एसयूवी Kia Seltos की जबरदस्त बुकिंग से उत्साहित किआ मोटर्स ग्राहकों को खास ‘गिफ्ट’ देने की तैयारी कर रही है। किआ सेल्टोस एसयूवी की बुकिंग 60 हजार को पार कर चुकी है। ग्राहकों की मांग को पूरा करने के लिए कंपनी अपनी उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी करने की तैयारी कर रही है। वहीं MG Hector भी दूसरी ऐसी कार है, जो ग्राहकों को काफी पसंद आ रही है। हेक्टर की भी 40 हजार से ज्यादा बुकिंग हो चुकी हैं।
हर साल बनाना चाहती है चार लाख कारें
ग्राहकों की मांग से निपटने के लिए किआ मोटर्स ने अपनी आंध्र प्रदेश स्थित अनंतपुर फैक्टरी में दूसरी पाली शुरू कर दी है। साथ ही कंपनी उत्पादन क्षमता को बढ़ा कर 15 हजार प्रति माह से ज्यादा करना चाहती है। साथ ही कंपनी एक हजार अतिरिक्त कर्मंचारियों को जोड़ने की योजना भी बना रही है। ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक किआ मोटर्स सेल्टोस के उत्पादन में तेजी लाना चाहती है। किआ की कोशिश है कि तीसरी शिफ्ट के जरिए तीन लाख सालाना क्षमता को बढ़ा कर चार लाख सालाना किया जाए।
60 हजार से ज्यादा बुकिंग्स मिलीं
वहीं किआ जनवरी 2020 में कार्निवल प्रीमियम मल्टीपर्पज व्हीकल भी लॉन्च करने की योजना बना रही है। किआ मोटर्स का कहना है कि सेल्टोस एसयूवी को 60 हजार से ज्यादा बुकिंग्स मिल चुकी हैं। वहीं ग्राहकों की मांग को पूरा करने के लिए प्रोडक्शन को बढ़ाना जरूरी है। लेकिन यह एक जटिल प्रक्रिया है, क्योंकि इसमें कई बाहरी कारक भी जुड़े होते हैं। इसमें वेंडर्स के अलावा सप्लाई चेन का भी पुनर्गठन जरूरी है। कंपनी को उम्मीद है कि क्षमता बढ़ने के बाद ग्राहकों को जल्दी गाड़ियों की डिलीवरी होगी।
40 फीसदी बुकिंग छोटे शहरों से
कंपनी के सूत्रों के मुताबिक ऐसा नहीं है कि किआ सेल्टोस की बिक्री केवल बड़े शहरों में ही हो रही है। बल्कि टियर-1, 2 और 3 के ग्राहक भी इसमें रूचि दिखा रहे हैं। वहीं सेल्टोस की कुल बिक्री का 60 फीसदी टॉप-10 शहरों से मिली है। बाकी की मांग टियर-2 शहरों और कस्बों से आई है। वहीं किआ की योजना है कि अगले तीन सालों तक हर छह महीने में एक गाड़ी लॉन्च की जाए।
3.5 फीसदी बाजार पर कब्जा
किआ मोटर्स ने अपने केवल एक मॉडल से टॉप तीन में शामिल मिड साइज सेगमेंट वाली एसयूवी की बिक्री को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। वहीं कुछ ही महीनों में किआ ने बाजार में 3.5 फीसदी हिस्सेदारी पर कब्जा कर लिया है और फोर्ड, फॉक्सवैगन और स्कोडा जैसे कंपनियों को भी पीछे छोड़ दिया है, जिन्हें बाजार में कदम रखे एक दशक से ज्यादा का वक्त हो चुका है।
हेक्टर को भी पीछे छोड़ा
प्रीमियम एमपीवी कार्निवल और आने वाली सब-4 मीटर एसयूवी के जरिये कंपनी एक साल के भीतर पांच फीसदी की हिस्सेदारी का लक्ष्य हासिल करना चाहती है। वहीं बुकिंग के मामले में एमजी हेक्टर भी सेल्टोस को जबरदस्त चुनौती दे रही है। हालांकि दोनों का सेगमेंट अलग है लेकिन ऑटो सेक्टर में मंदी के बावजूद दोनों गाड़ियां बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं। 40 हजार बुकिंग को पार कर चुकी हेक्टर को बुकिंग पर रोक लगानी पड़ी थी। 29 सितंबर को बुकिंग खुलते ही आठ हजार से ज्यादा गाड़ियों की बुकिंग और मिल गई। वहीं हेक्टर का वेटिंग पीरियड बढ़ कर 10 महीने तक पहुंच चुका है।
दो शिफ्ट में बनेगी हेक्टर
हेक्टर की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कंपनी अपनी क्षमता में भी बढ़ोतरी करने जा रही है। अगले महीने से कंपनी अपने प्लांट में दूसरी शिफ्ट में भी काम शुरू करने जा रही है ताकि हेक्टर की 40 हजार से ज्यादा कंफर्म बुकिंग्स की डिलीवरी की जा सके। कंपनी फिलहाल हर महीने दो हजार यूनिट ही बना रही है, जो क्षमता बढ़ने के बाद तीन हजार तक पहुंच जाएगी।