दो महीने में 45 हजार ग्राहकों ने बुक कराई Hyundai Venue, पहुंची Vitara Brezza के नजदीक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ह्यूंदै की सब-4 मीटर एसयूवी वेन्यू कंपनी के लिये काफी लकी साबित हो रही है। वेन्यू को अब तक 45 हजार से ज्यादा बुकिंग्स मिल चुकी हैं। कंपनी ने वेन्यू को 21 मई को लॉन्च किया था। वहीं पिछली 22 जून तक वेन्यू की 33 हजार से ज्यादा बुकिंग हो चुकी थीं।
जून में बिकीं 8,763 वेन्यू
वेन्यू ने अपनी बिक्री के सारे आंकड़ों को तोड़ते हुए सबसे निकटतम प्रतिद्वंदी मारुति विटारा ब्रेजा के नजदीक आकर खड़ी हो गई है। जून, 2019 के बिक्री के आंकड़ों के मुताबिक ब्रेजा की बिक्री 8,871 यूनिट्स की रही थी, जबकि वेन्यू की बिक्री 8,763 यूनिट्स की रही थी।
ब्लूलिंक फीचर के दीवाने हुए लोग
वहीं ह्यूंदै वेन्यू के आने के बाद से सब-4 मीटर सबकॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में मुकाबला और कड़ा हो गया है। ह्यूंदै के नेशनल सेल्स हेड विकास जैन के मुताबिक बाजार में मांग में कमी होने के बावजूद एसयूवी सेगमेंट बढ़त बनाए हुए है। देश की पहली कनेक्टेड एसयूवी चलते ग्राहक इसे काफी पसंद कर रहे हैं। वेन्यू में आने वाले ब्लूलिंक कनेक्टेड फीचर ने बाजार में नया जोश भर दिया है। यही वजह है कि 55 फीसदी ग्राहक वेन्यू के ब्लूलिंक वाले वेरियंट की सबसे ज्यादा बुकिंग कर रहे हैं।
शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6.5 लाख रुपये
गौरतलब है कि कंपनी ने वेन्यू की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6.5 लाख रुपये रखी है और कम कीमत होने की वजह से यह टाटा नेक्सन से भी सस्ती पड़ रही है। वहीं ह्यूंदै वेन्यू की बुकिंग दो मई को शुरू हुई थी और लॉन्चिंग तक बुकिंग का संख्या 17 हजार को पार कर गई थी। 21 जून को वेन्यू की पहली सालगिरह के मौके पर कंपनी ने एक दिन में ही एक हजार से ज्यादा वेन्यू की डिलीवरी की थी। जबकि वेन्यू पर करीब दो महीने से ज्यादा का वेटिंग पीरियड चल रहा है।
टॉप लाइन पेट्रोल वेरियंट की कीमत 11.10 लाख रुपये
कंपनी के मुताबिक वेन्यू के 1.2 लीटर पेट्रोल और 1.0 लीटर टर्बो वेरिएंट की सबसे डिमांड है। के1 प्लेटफॉर्म पर बेस्ड वेन्यू को पांच वेरियंट्स E, S, SX, SX+ और SX (O) वेरियंट में लॉन्च किया गया था। वेन्यू के टॉप लाइन पेट्रोल वेरियंट की कीमत 11.10 लाख रुपये है। वेन्यू के बेस डीजल वेरियंट की बात करें, तो इसकी कीमत 7.75 लाख रुपये है, जबकि टॉप डीजल वेरियंट की कीमत 10.84 लाख रुपये है।
वेन्यू में तीन इंजन वेरियंट
वेन्यू में तीन इंजन वेरियंट मिलते हैं। इसमें 1.0 लीटर का GDI टर्बो SX+ पेट्रोल इंजन 120 पीएस की पावर और 175 एनएम का टॉर्क देते है और सात स्पीड वाला डुअल क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलता है। वहीं वेन्यू के 1.4 लीटर SX (O) टॉप डीजल वेरियंट 89 बीएचपी की पावर और 20 एनएम का टॉर्क देता है। इसमें छह स्पीड वाला मैनुअल ट्रांसमिशन मिलता है। वहीं वेन्यू का 1.2 लीटर फोर सिलेंडर पेट्रोल इंजन 82 बीएचपी की पावर और 114 एनएम का टॉर्क देता है। इस इंजन में पांच स्पीड वाला मैनुअल ट्रांसमिशन मिलता है।