Maruti Ciaz और Maruti Alto के खराब प्रदर्शन के चलते घटी कंपनी की सेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मारुति की मिड-साइज सिडान सेगमेंट की सियाज और हैचबैक सेगमेंट की ऑल्टो के खराब प्रदर्शन के कारण कंपनी की कुल बिक्री में गिरावट दर्ज की गई।फरवरी 2019 में कुल बिक्री घटकर 1,48,682 इकाई रही। जबकी पिछले साल फरवरी में यह आंकड़ा 1,49,824 इकाई था।
हालांकि, इस दौरान उसकी घरेलू बिक्री बढ़कर 1,39,100 इकाई रही, जो पिछले साल की समान अवधि में 1,37,900 इकाई थी। वहीं फरवरी में कंपनी का निर्यात 19.6 फीसदी घटकर 9,582 इकाई रहा, जो पिछले साल समान अवधि में 11,924 इकाई था।
कंपनी द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक फरवरी में सियाज की बिक्री 3,084 इकाई रही। जो पिछले साल 4,897 थी। वहीं, ऑल्टो की बिक्री 26.7 फीसदी घटकर 24,751 इकाई रही।जबकि फरवरी 2018 में यह आंकड़ा 33,789 इकाई था।
मारुति की इन वाहनों की बिक्री बढ़ी
मारुति की छोटी कारों में वैगन आर, स्विफ्ट, सेलेरियो, इग्निस, बलेनो और डिजायर की बिक्री फरवरी में 11.4 फीसदी बढ़कर 72,678 इकाई रही। पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 65,213 था। वहीं, विटारा ब्रेजा, एस-क्रॉस और अर्टिगा की बिक्री 7.4 फीसदी बढ़कर 21,834 इकाई रही, जो पिछले साल 20,324 इकाई थी।
बजाज ऑटो की कुल बिक्री फरवरी में 10 फीसदी बढ़कर 3,93,089 इकाई रही, जो 2018 की समान अवधि में 3,57,883 इकाई थी। कंपनी ने कहा कि उसकी मोटरसाइकिल की बिक्री 10 फीसदी बढ़कर 3,27,985 इकाई रही। फरवरी 2018 में यह आंकड़ा 2,97,514 इकाई था। इस दौरान कंपनी ने 65,104 वाणिज्यिक वाहन बेचे, जो फरवरी 2018 के 60,369 इकाइयों की बिक्री के मुकाबले 8 फीसदी अधिक है।
टोयोटो किर्लोस्कर ने 12,497 इकाइयां बेचीं
टोयोटो किर्लोस्कर मोटर की कुल बिक्री फरवरी में 1.63 फीसदी घटकर 12,497 इकाई रही। पिछले साल यह आंकड़ा 12,705 इकाई था। इस अवधि में उसने घरेलू बाजार में कुल 11,760 इकाइयां बेची, जबकि फरवरी 2018 में उसके 11,864 इकाइयां बेची थी। कंपनी का कहना है कि इस दौरान उसने इटियोस सीरीज की कुल 737 इकाइयों का निर्यात किया, जबकि फरवरी 2018 में यह आंकड़ा 841 इकाई था।
एस्कॉर्ट्स एग्री मशीनरी के मुताबिक, इस साल फरवरी में एस्कॉर्ट्स ट्रैक्टर की बिक्री 12 फीसदी बढ़कर 7,240 इकाई रही। फरवरी 2018 में यह आंकड़ा 6,462 इकाई था। इस दौरान उसकी घरेलू बिक्री 9.9 फीसदी बढ़कर 6,918 इकाई रही, जो पिछले साल की समान अवधि में 6,295 इकाई थी। वहीं, फरवरी में निर्यात बढ़कर 322 इकाई रही, जो फरवरी 2018 में 167 इकाई थी।
अशोक लीलैंड की बिक्री मामूली बढ़ी
अशोक लीलैंड की कुल बिक्री फरवरी में मामूली बढ़कर 18,245 इकाई रही, जो पिछले साल फरवरी में 18,181 इकाई थी। इस दौरान उसके मध्यम एवं भारी वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 3 फीसदी घटकर 13,291 इकाई रही। फरवरी 2018 में यह आंकड़ा 13,726 इकाई था। हालांकि, इस दौरान उसके हल्के वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 11 फीसदी बढ़कर 4,954 इकाई रही, जो पिछले साल फरवरी में 4,455 इकाई थी।