लैंबॉर्गिनी ने लॉन्च की अपनी सुपर कार हुराकैन परफॉर्मेंट
सुपर स्पोर्ट्स कार कंपनी लैंबॉर्गिनी ने भारत में अपने अधुनातन हुराकैन परफॉर्मेंट को भारत में पेश कर दिया। इस कार की शुरूआती कीमत 3.97 करोड़ रुपये एक्स शोरूम दिल्ली है। कंपनी ने जेनेवा मोटर शो के दौरान लैंबॉर्गिनी हुराकैन परफॉर्मेंट से पर्दा उठाया था।
इटैलियन कार निर्माता कंपनी लैंबॉर्गिनी की यह सुपर कार सबसे ताकतवर कारों में से एक है। कंपनी ने इस कार में 5.2 लीटर का वी10 इंजन दिया है जो 640 हॉर्सपावर की शक्ति और 600 एनएम का टॉर्क उत्पन्न करता है। इस कार का इंजन स्टैंडर्ड एडब्लूडी कूप के इंजन से 30 हॉर्सपावर और 40 एनएम की शक्ति और टॉर्क पैदा करता है।
लैंबॉर्गिनी ने इस कार में सात स्पीड वाला ड्यूल क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया है। परफॉर्मेंट का डिजाइन बहुत हद तक लैंबॉर्गिनी की सुपर ट्रोफियो रेस कार से प्रेरित नजर आता है। कार का फ्रंट और बैक बंपर री-डिजाइन किया गया है। कार में डाउनफोर्स को बनाए रखने के लिए रियर विंग भी दिए गए हैं।
2.9 सेकेंड में पकड़ लेती है 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार
लैंबॉर्गिनी ने अपनी इस कार का वजन कम रखा है। इसके लिए कंपनी कार के निर्माण में कार्बनफाइबर का इस्तेमाल किया है। हुराकैन परफॉर्मेंट में आगे के स्पायलर और पीछे के विंग को इसी कार्बनफाइबर और कंपोजिट मैटेरियल से तैयार किया गया है जिससे इनका वजन तो कम होता ही है साथ ही इनको मजबूती भी मिलती है।
कार 20 इंच के एलॉय व्हील पर चलती है जिस पर पिरेल्ली जीरो कोर्स टायर लगे हुए हैं। यह कार 2.9 सेकेंड में शून्य से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ती है और इसकी अधिकतम स्पीड 325 किलोमीटर प्रति घंटा है। कंपनी हुराकैन और एवेंटेडर समूह की कार भारत में बेचती है जिसकी कीमत 3.07 करोड़ रुपये से लेकर 6.2 करोड़ रुपये (एक्स शोरूम दिल्ली) तक है।