Kia Seltos डीजल के फ्यूल पंप में आई खराबी, कंपनी ने बदलने के लिए शुरू किया कैंपेन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किया मोटर्स इंडिया (Kia Motors India) ने बड़ी खामोशी से अपनी Seltos के डीजल मॉडल को रिकॉल किया है। कंपनी ने यह फैसला इन यूनिट्स में फ्यूल पंप की संभावित खराबी के चलते लिया है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस रिकॉल की कोई भी आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन टेक्निकल सर्विस बुलेटिन में यह बात सामने निकल कर आई है।
दरअसल 5 अक्तूबर 2020 के एक डाक्युमेंट से यह खुलासा हुआ है, जहां Kia ने Seltos के सभी डीजल यूनिट्स को रिकॉल किया है। रिकॉल को आसान भाषा में समझें तो कंपनी अपनी गाड़ियों में आई खराबी को मरम्मत करने के लिए वापस मंगाती है, और फिर ठीक करने के बाद ग्राहकों को वापस लौटा देती है।
Kia ने 1 अक्तूबर 2019 से 13 मार्च 2020 तक की अवधि में बने Seltos के डीजल मॉडल को रिकॉल किया है। कंपनी के बुलेटिंग में इन यूनिट्स के फ्यूल पंप में आई खराबी की जांच और उसे बदलने की बात कही गई है। रिकॉल की गईं गाड़ियों में अगर खराब आइटम को बदला जाता है, तो इसका ग्राहकों से कोई भी शुल्क नहीं लिया जाएगा। वहीं, जिन यूनिट्स में खराबी नहीं मिलती उनके फ्यूल पंप को नहीं बदला जाएगा। कंपनी के आधिकारिक डीलर ग्राहकों से संपर्क कर रहे हैं।
Kia Seltos के महज 14 महीनों के अंदर बिके 1.25 लाख यूनिट्स
भारतीय बाजार में Kia Seltos की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.89 लाख रुपये है, जो इसके टॉप एंड वेरिएंट पर 17.34 लाख रुपये तक जाती है। बता दें कि Kia Seltos भारत में Kia Motors की पहली गाड़ी थी। इसे भारतीय ग्राहकों का जबरदस्त साथ मिला है। यह अपने सेगमेंट में बेस्ट सेलिंग का खिताब भी अपने नाम कर चुकी है।