भारत में लांच हुई यह इलेक्ट्रिक साइकिल, एक बार की चार्जिंग में चलेगी 35KM
पूरी दुनिया में बहुत ही तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ रही हैं। इसे देखते हुए बाजार में इलेक्ट्रिक कार, इलेक्ट्रिक बसें, इलेक्ट्रिक स्कूटर और यहां तक कि इलेक्ट्रिक साइकल भी लांच हो रही हैं। इसी कड़ी में हीरो मोटर्स कंपनी ने भारत में अपनी इलेक्ट्रिक साइकिल Lectro EZephyr पेश की है। कहने के लिए तो यह साइकिल है लेकिन इसकी सवारी स्कूटर जैसी है क्योंकि इसमें बैटरी के साथ-साथ पैडल भी दिए गए हैं। इस साइकिल को हीरो के ग्लोबल डिजाइन सेंटर मैनचेस्टर में डिजाइन किया गया है।
Lectro EZephyr की खासियतें और कीमत
इसमें 7 स्पीड गियर दिए गए हैं जो ऊंचाई पर चढ़ने में आपकी मदद करेंगे। इस साइकिल में वॉक मोड भी है जिसमें यह साइकिल सिर्फ 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। ऐसे में किसी अन्य व्यक्ति के साथ बात करते हुए भी आप साइकिल चला सकते हैं। साथ ही बैटरी खत्म होने पर आप इसे पैडल की मदद से चला सकते हैं। इस साइकिल में ट्यूब वाली व्हील दी गई हैं। इसमें 36V/250W की बैटरी है जो कि पैडल के बगल में फ्रेम के बीच में है।
इस साइकिल में एलईडी लाइट्स भी हैं। इसके अलावा हैंडल में आपको एक डिस्प्ले भी मिलती है। साइकिल के साथ आपको चार्जर भी मिलेगा। कंपनी के दावे के मुताबिक एक बार की फुल चार्जिंग में यह साइकिल 35 किलोमीटर तक चलेगी, वहीं इसके फुल चार्ज करने में 3.4 घंटे का वक्त लगेगा। इस साइकिल की कीमत 26,999 रुपये है। इसे हीरो मोटर्स के ऑनलाइन स्टोर और रिटेलर्स के पास से खरीदा जा सकता है।