Datsun redi-GO में आई ये गड़बड़ी, कंपनी ने मरम्मत के लिए वापस मंगाई 914 कारें
Datsun India अपने redi-GO के 914 कारों को रिकॉल करेगी। कंपनी का कहना है कि इन कारों में एयरबैग कंट्रोल यूनिट को लेकर इन्हें वापस मंगाया जा रहा है। डैटसन इंडिया का कहना है कि अभी तक इन कारों में किसी भी तरह की खराबी को लेकर कोई भी शिकायत नहीं मिली है और यह कदम बहुत हद तक एहतियात के तौर पर उठाया जा रहा है। मार्च 9, 2020 से अगस्त 14, 2020 तक के बीच बनाई गई कारों को कंपनी वापस मंगा रही है। इन कारों में redi-GO के 800 सीसी और 1.0-लीटर इंजन दोनों ही मॉडल्स शामिल हैं। यानी कंपनी जिन कारों को वापस मंगा रही है उनमें बीएस 4 और बीएस 6 मॉडल भी शामिल हैं।
निसान इंडिया ने अभी इसकी कोई भी जानकारी नहीं दी है कि इन कारों को ठीक करने में कितना समय लगेगा, लेकिन डीलरशिप्स के मुताबिक एयरबैग कंट्रोल यूनिट को ठीक करने में ज्यादा से ज्यादा एक घंटा लगेगा। डीलरशिप्स की तरफ से ग्राहकों को पहले जानकारी दी जाएगी।
परफॉर्मेंस
Datsun redi-GO का 800सीसी, 3-सिलिंडर पेट्रोल इंजन 40kW की मैक्सिमम पावर और 72Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इसका इंजन 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन से लैस है। वहीं, इसका 1-लीटर का पेट्रोल इंजन 50kW की मैक्सिमम पावर और 91Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इसका इंजन 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन से लैस है। इसके अलावा ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का भी विकल्प मिलता है।
कीमत
Redi-GO के सभी वेरिएंट्स में 14-इंच के व्हील्स दिए गए हैं। इसके टॉप मॉडल में एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले के साथ टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम भी मिलता है। इस कार का ग्राउंड क्लीयरेंस 187 मिलीमीटर है। भारतीय बाजार में Datsun redi-GO की एक्स-शोरूम कीमत 2.83 लाख रुपये से शुरू होती हैं।
मुकाबला
Datsun redi-GO का भारत में Renault Kwid, Maruti Suzuki Alto और Hyundai Santro से कड़ा और सीधा मुकाबला है।