हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं होने पर 1800 लोगों का कटा चालान, लेकिन अब मिली बड़ी राहत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में वाहन मालिकों को बड़ी राहत मिली है। परिवहन विभाग ने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) और कलर कोडेड स्टीकर को लेकर चलाए जा रहे अभियान पर अभी रोक लगा दी है। सूत्रों के मुताबिक विभाग का मकसद अभी लोगों को केवल जागरूक करना है। हालांकि, कुछ दिनों के बाद यह अभियान फिर से चलाया जाएगा। इस पूरे मामले पर अधिकारियों ने बोलने से मना कर दिया है। बता दें कि बीते मंगलवार से ही दिल्ली में एचएसआरपी और कलर कोडेड स्टीकर को लेकर चालान नहीं किया गया है।
दरअसल परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने इस मामले पर विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में तमाम मुद्दों पर बात हुई। इनमें बुकिंग में आ रही परेशानियों के साथ चालान पर भी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक अधिकारियों को कुछ समय के लिए चालान करने से मना कर दिया गया है। वहीं, लोगों को जागरूक करने की बात कही गई है।
परिवहन विभाग के मुताबिक वाहनों पर एचएसआरपी और कलर कोडेड स्टीकर नहीं लगाए जाने पर अलग-अलग 5500 रुपये के चालान किए जा रहें। वहीं, अगर वाहन में दोनों नहीं लगे हैं तो 11 हजार रुपये का चालान काटा जा रहा है। इस कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। हालांकि, बुकिंग की रसीद को दिखाने पर चालान नहीं किया जा रहा है।
इससे पहले हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) और कलर कोडेड स्टीकर को लेकर प्रशासन ने और भी ज्यादा सख्ती बढ़ा दी।15 दिसंबर से दिल्ली में एचएसआरपी नहीं लगाने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया था। अभियान के तहत अब तक 1800 लोगों का चालान काटा गया। 19 दिसंबर को सबसे ज्यादा 497 लोगों का चालान काटा गया। वहीं, अभियान के पहले ही दिन 239 लोगों का चालान हुआ था।