गंगोत्री धाम में गंगा दशहरा पर्व पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राजा भगीरथ की भव्य मूर्ति तैयार कर पालकी में ढोल-दमाऊ के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा गंगा घाट तक पहुंची, जहां तीर्थ पुरोहितों द्वारा गंगा लहरी, सहस्त्रनाम पाठ और विशेष पूजा-अर्चना की गई। संगीत और मंत्रोच्चारण के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। पुराणों के अनुसार, गंगा दशहरा के दिन ही मां गंगा राजा भगीरथ के तप से प्रसन्न होकर गंगोत्री में पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं। इस धार्मिक मान्यता के चलते गंगोत्री में इस दिन विशेष उत्सव का आयोजन किया जाता है। देशभर से आए श्रद्धालुओं ने गंगा मैया के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया। पर्व ने गंगोत्री धाम को आस्था और संस्कृति के रंग में रंग दिया।