रुद्रपुर के सिविल लाइन में स्थिति दुकान में कारोबारी को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। कारोबारी दुकान के अंदर खून से लथपथ मिला। गंभीर हालत में उसे एम्स रेफर किया गया है। पुलिस को घटनास्थल ने एक अवैध पिस्टल बरामद हुई है। आदर्श कालोनी निवासी 25 वर्षीय ध्रुव चावला पुत्र स्व. अनिल चावला सिविल लाइन में शू विला नाम से जूतों की दुकान हरजिंदर के साथ पार्टनरशिप में चलाता था। बताया जा रहा है कि साढ़े नौ बजे ध्रुव ने फोन पर मां से बात की और जल्द घर आने की बात कही। साढ़े 10 बजे तक वह घर नहीं पहुंचा तो मां ने हरजिंदर को दुकान पर भेजा। जहां ध्रुव बेसुध था उसकी कनपटी पर गोली लगी थी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पिस्टल को कब्जे में ले लिया है। गोली लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के दौरान दुकान में सीसीटीवी कैमरे बंद मिले हैं।