फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसानों के ट्रैक्टर सीज, ओवरलोड डंपरों के खिलाफ सड़क पर उतरे ग्रामीण

इमलीखेड़ा में किसानों के दो ट्रैक्टर सीज किए जाने के विरोध में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार सैनी के नेतृत्व में किसानों और ग्रामीणों ने ओवरलोड खनन से भरे डंपरों को रोककर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को मौके पर बुलाने की मांग की। ट्रैक्टर नहीं छोड़े जाने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी। सोमवार रात इमलीखेड़ा में रजत जयंती पार्क के पास कुछ प्रजापति समाज के लोग दीपावली के लिए बर्तन और दिये बनाने के लिए खेतों से मिट्टी लेने गए थे। इसी दौरान नायब तहसीलदार और कानूनगो ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी ले जा रहे दो ट्रैक्टरों को पकड़ लिया। इसकी जानकारी मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार सैनी और महेवड़ खुर्द के प्रधान प्रतिनिधि कंवरपाल सैनी किसानों व ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से जुर्माना लेकर ट्रैक्टर छोड़ने की मांग की, लेकिन अधिकारियों ने दोनों ट्रैक्टर सीज कर दिए। इसके बाद गुस्साए किसानों और ग्रामीणों ने रात में ही मिट्टी से भरे डंपरों को रजत जयंती पार्क के पास रोक दिया और धरने पर बैठ गए। मंगलवार सुबह भी ग्रामीणों ने डंपरों के सामने खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मौके पर आकर उनकी समस्या नही सुनते, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार सैनी ने कहा कि क्षेत्र में रात-दिन ओवरलोड खनन से भरे डंपर दौड़ रहे हैं। इनसे सड़कों पर गहरे गड्ढे हो गए हैं और मिट्टी से उड़ने वाली धूल दुकानों में पहुंच रही है।क्षेत्र में लगातार रात दिन खनन हो रहा है। इसके बावजूद प्रशासन इन डंपरों के खिलाफ कार्रवाई नही कर रहा है। वहीं, दीपावली के लिए मिट्टी लेकर रोजगार करने वाले किसानों के ट्रैक्टर सीज किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि प्रशासन की इस कार्रवाई से किसानों में रोष है। यदि सीज किए गए ट्रैक्टर नहीं छोड़े गए तो प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें