नैनीताल। रन टू लिव संस्था की ओर से आज प्रतिष्ठित मानसून माउंटेन मैराथन का 15वां संस्करण आयोजित होने जा रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता की कुल विजेता पुरस्कार राशि को पिछले वर्ष के चार लाख से बढ़ाकर 5.50 लाख कर दिया गया है। टुगेदर वी राइज थीम पर आधारित इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक एकता को सुदृढ़ करना और युवाओं को नशे की लत से दूर रखना है। संस्था के सचिव हरीश तिवारी व सदस्य शैलेंद्र बर्गली ने बताया कि मुख्य अतिथि न्यायाधीश मनोज तिवारी और विशिष्ट अतिथि पर्यटन सचिव धीराज गर्भ्याल व अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो एथलीट लतिका भंडारी धावकों का हौसला बढ़ाएंगे। आयोजन स्थल पर स्थानीय हस्तशिल्प के विशेष स्टॉल भी लगाए गए हैं। उन्होंने बताया प्रतियोगिता सुबह सात बजे से शुरू होगी। 21 किमी मुख्य दौड़ में 210 धावक हिस्सा लेंगे। इसके बाद 7:05 बजे बच्चों की चार किमी दौड़ (250 धावक), 7:15 बजे पांच किमी दौड़ (200 लोग) और 7:25 बजे 10 किमी दौड़ (240 धावक) होगी। साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता के लिए 500 से अधिक लोग रन फॉर फन श्रेणी में दौड़ेंगे।