सिमली महिला बेस अस्पताल में दो साल से बंद पड़ा अल्ट्रासाउंड कक्ष अब मरीजों के लिए खोल दिया गया है। जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार के निर्देशों पर यह कार्रवाई की गई है। इससे स्थानीय मरीजों को जांच की सुविधा मिल सकेगी। अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के बाद भी कक्ष बंद था। अमर उजाला समाचार पत्र ने इस मुद्दे को प्रमुखता से अपने बृहस्पतिवार के अंक में उठाया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने इसका संज्ञान लिया और सीएमओ को तत्काल सील हटाने के निर्देश दिए। बृहस्पतिवार को रेडियोलॉजिस्ट डॉ. गौरव शाह, डॉ. अवधेश, डॉ. ध्रुवल कर्णावत और मुख्य फार्मेसी अधिकारी अमर लाल नथवाल ने कक्ष का ताला खोला। विशेषज्ञ चिकित्सक के अभाव में इस मशीन सील कर बंद कर दिया गया था। अब सप्ताह में तीन दिन, बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को मरीजों की जांच की जाएगी। अल्ट्रासाउंड कक्ष खुलने के बाद यहां एक व्यक्ति ने अपना अल्ट्रासाउंड किया।