शारदीय नवरात्र के पावन पर्व नवमी तिथि को उमा देवी मंदिर, नंदा देवी मंदिर नौटी, कोटी, दक्षिण काली मंदिर चांदपुरगढ़ी, दशमद्धार महाकाली मंदिर कंडारा आदि देवी मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नव दुर्गा की पूजा-अर्चना की। उमा देवी आश्रम में सुबह हवन पूजा के साथ भंडारे का आयोजन किया गया। इस मौके पर 100 से अधिक कन्याओं की पूजा की गई। आश्रम के महंत ऐश्वर्यनाथ महाराज जी ने बताया कि नवरात्रों में व्रत रखने से मनोकामना पूरी होती है। वहीं देवाल के नंदाधाम नंदकेशरी मंदिर में कन्या पूजन का आयोजन हुआ। इस दौरान काफी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने मंदिर में आकर आदिशक्ति के नौ रूपों के प्रतीक स्वरूप कुंवारी कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें भोजन कराया। मंदिर के पुजारी दयाल रावत ने कहा कि कन्याओं को दुर्गा स्वरूप माना जाता है।