भाद्रपद मास शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि यानी बामन द्वादशी के अवसर पर श्री बदरीनाथ धाम में माता मूर्ति महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। बदरीनाथ धाम के रावल की अगुवाई में डिमरी पंचायत प्रतिनिधि भगवान नारायण के प्रतिनिधि श्री उद्धव जी माता मूर्ति की कुशलक्षेम जानने माणा क्षेत्र स्थित माता मूर्ति मंदिर पहुंचे। माणा गांव के महिला मंगल दल और श्रद्धालुओं ने श्री उद्धव जी को जौ की हरियाली भेंट की। इसके बाद श्री उद्धव जी ने माता मूर्ति मंदिर में माता के दर्शन किए। मंदिर में दिनभर पूजा-अर्चना, अभिषेक और दिन का भोग संपन्न हुआ। शाम करीब तीन बजे श्री उद्धव जी वापस श्री बदरीनाथ मंदिर लौटे। इस अवधि में श्री बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद रहे।