नारायणबगड़ विकासखंड मुख्यालय के राजकीय आदर्श इंटर कालेज में अमर उजाला की ओर से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित दिनचर्या और संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी। स्कूल हेल्थ के चिकित्सक डॉ. विजय राणा ने कहा कि बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से जागरूकता के जरिए बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि दूषित जल से टायफाइड, डायरिया और अपच जैसी बीमारियां होती हैं। स्वच्छ जल का उपयोग कर इनसे बचाव संभव है। डॉ. राणा ने कहा कि परीक्षाओं के दबाव से मानसिक तनाव बढ़ता है, जिसका सीधा असर स्वास्थ्य पर पड़ता है। उन्होंने छात्रों को तनावमुक्त रहने और स्वस्थ आदतें अपनाने की अपील की।