लाल बहादुर चिकित्सालय में सोमवार को जांच में प्राथमिकता को लेकर विवाद के बाद हंगामा हो गया। मरीज के परिजन ने अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों पर महिला के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। परिजन का आरोप है कि निशुल्क जांच के बावजूद कुछ लोगों को पैसे लेकर पहले जांच के लिए भेजा जा रहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और महिला के साथ हाथापाई की गई।हंगामे की सूचना पर मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। उधर, अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा.पीआर मिश्रा ने महिला से मारपीट के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल परिसर में ऐसी कोई निंदनीय घटना हुई है तो सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि महिला पर किसी ने हाथ नहीं उठाया, बल्कि अस्पताल परिसर में हंगामा करने और पैथोलॉजी के दरवाजे का शीशा तोड़ा गया है। आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी जायेगी।