संत रविदास मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलभराव और सीवर की समस्या से नाराज लोगों ने शनिवार को अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। सपा नेता अमन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर भरे सीवर के पानी में नहाकर नगर निगम और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जल्द जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि 29 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा के दौरान नगर निगम की ओर से आनन-फानन में जल निकासी की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद करीब एक माह बीत गया, लेकिन संत रविदास मुख्य मार्ग की समस्या जस की तस बनी हुई है। सड़क पर सीवर का पानी भरा होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। जल निकासी के लिए जनरेटर मौके पर खड़ा है, लेकिन स्थानीय लोगों के मुताबिक उसका नियमित संचालन नहीं किया जाता। पानी जमा रहने के कारण सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। प्रदर्शन के दौरान अमन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के समय कुछ घंटों के लिए व्यवस्था ठीक कर देना पर्याप्त नहीं है। जनता को पूरे साल साफ-सुथरी सड़क और बेहतर जल निकासी की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में लाल बहादुर यादव, गोलू, रवि यादव समेत बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने नगर निगम से तत्काल सीवर का पानी हटाने और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।