आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमले के विरोध में सुल्तानपुर में रविवार को पार्टी ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राज कुमार भीम के नेतृत्व में शाम 4:30 बजे डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर दोषियों और संबंधित पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन के अनुसार, 13 सितंबर को चंद्रशेखर आजाद गोंडा में विनोद साहनी की हत्या के बाद पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे। आरोप है कि रामनगर के पास कुछ लोगों ने उनके काफिले पर पत्थर और जूते फेंके। पार्टी का आरोप है कि मौके पर पुलिस बल व अधिकारी मौजूद होने के बावजूद हमलावरों को नहीं रोका गया। लौटते समय भी काफिले की कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। जिलाध्यक्ष ने बाराबंकी पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया। राष्ट्रपति से दोषियों व पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।