सीतापुर: खैराबाद कमालसराय की मिट्टी में पले-बढ़े शोभित श्रीवास्तव उर्फ शोभिनव सत्य इन दिनों फिल्म हनुमान अंश में बाबा नीम करोली के किरदार को लेकर सुर्खियों में हैं। 12 वर्षों की तपस्या के बाद निभाया गया उनका यह किरदार दर्शकों के बीच खासा आकर्षण पैदा कर रहा है। फिल्म को लेकर सीतापुर में भी जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। एससीएम सिनेमा हॉल में हनुमान अंश देखने पहुंचे दर्शक फिल्म में इस कदर डूबे कि माहौल भक्तिमय हो गया। पर्दे पर हनुमान जी से जुड़े प्रसंगों के दौरान ‘जय सीताराम’ और ‘जय हनुमान’ के जयकारे गूंजते रहे। दर्शकों ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। खास बात यह रही कि सिख समुदाय के श्रद्धालुओं ने सिनेमा हॉल में दर्शकों को प्रसाद और हनुमान चालीसा वितरित की। फिल्म को हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समेत सभी समुदायों के दर्शकों का प्यार मिलने की बात कही जा रही है। खैराबाद के पंडित सूर्यदत्त आनंदी सैगल इंटर कॉलेज के संस्थापक रामजी मिश्र फिल्म के पोस्टर वितरित कर रहे हैं। शहर में इन दिनों हर किसी की जुबान पर हनुमान अंश की चर्चा है। दर्शक फिल्म की सफलता को बाबा नीम करोली और हनुमान जी की कृपा से जोड़कर देख रहे हैं।