तुलसीपुर। सोनवा थाना क्षेत्र के नरायनपुर निवासी एक छात्रा बृहस्पतिवार की सुबह रमनगरा के पास पैर फिसलने से राप्ती नदी में डूब गई। छात्रा पैर में मिट्टी धुलने के लिए नदी के पास गई थी। नदी के तेज बहाव में छात्रा लापता हो गई। हादसे की सूचना पर सीओ भरत पासवान, थाना प्रभारी बिशुनदेव पांडेय एनडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छात्रा की तलाश शुरू की। छात्रा के डूबने की सूचना से रोते बिखलते परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। सोनवा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत नरायनपुर निवासी अंशिका मिश्रा(12) लक्ष्मननगर स्थित किसान इंटर कॉलेज में कक्षा छह की छात्रा हैं। बृहस्पतिवार सुबह वह घर से स्कूल के लिए निकली थी। इस दौरान रमनगरा गांव के पास छात्रा के पैर में मिट्टी लग गई। छात्रा मिट्टी धुलने के लिए राप्ती नदी के किनारे पहुंची और नदी में पैर धुलने का प्रयास किया। इस दौरान उनका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में चली गई। अंशिका को डूबता देख साथ मौजूद अन्य छात्रों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। लेकिन जब तक ग्रामीण पहुंचते अंशिका नदी के गहरे पानी में डूब गई। सूचना पर पुलिस व एनडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और छात्रा की तलाश शुरू की। सीओ भरत पासवान ने बताया कि छात्रा की तलाश की जा रही है। पुलिस के साथ-साथ एनडीआरएफ के जवान तलाश कर रहे हैं।