शाहजहांपुर के बिजलीपुरा स्थित सपा जिला कार्यालय पर शनिवार को जिला और महानगर संगठन की बैठक हुई। जिसमें 22 सितंबर को सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के शाहजहांपुर आगमन और पुवायां विधानसभा के कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई। इसके साथ ही शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए भी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। शिक्षक समाज के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और मांगों को उठाने पर जोर दिया जाएगा। पूर्व विधायक राजेश यादव ने कहा कि छात्र और नौजवान देश का भविष्य हैं। उनकी शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को पार्टी मजबूती से उठाती रही है। पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि किसान महंगाई, खाद-बीज की बढ़ती लागत और फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। किसानों की समस्याओं को लेकर पार्टी आवाज उठाती रहेगी। बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष अवधेश कुमार पाल ने किया। इस दौरान पूर्व एमएलसी अमित यादव, महानगर अध्यक्ष चौधरी रामकुमार भोजवाल, रिजवान अहमद आदि मौजूद रहे।