शाहजहांपुर में 12 रबीउल अव्वल के मुबारक मौके पर तहरीक दावते इस्लामी इंडिया की ओर से बुधवार को जुलूसे मिलाद परंपरागत तरीके से निकाला गया। जुलूस में शामिल अकीदतमंदों ने पूरे रास्ते सरकार की आमद मरहबा के नारे लगाए और नात शरीफ पढ़ते हुए जश्ने ईद मिलादुन्नबी की खुशियां मनाईं। बुधवार सुबह करीब आठ बजे रेलवे स्टेशन के सामने स्थित नूरी मस्जिद से जुलूस रवाना हुआ। शहर पेश इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी ने हरी झंडी दिखाकर जुलूस को रवाना किया। इसके बाद जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ मोहल्ला अंटा पहुंचा। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और अकीदतमंदों ने उत्साह के साथ इसमें भाग लिया। हाफिज मोहम्मद अनीस अत्तारी के नेतृत्व में निकाले गए जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। जुलूस में शामिल लोग नात व सलाम पढ़ते हुए आगे बढ़ रहे थे। धार्मिक नारों से पूरे रास्ते का माहौल गूंजता रहा। जुलूस अपने निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए अंजान चौकी के पीछे स्थित कटहल वाली मस्जिद के पास पहुंचा। वहां सामूहिक दुआ कराई गई, जिसके बाद जुलूस का समापन हुआ। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी पूरे मार्ग पर तैनात रहा।