शाहजहांपुर में परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को बैंक कर्मियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने बैंकों की बंदी के दौरान जुलूस निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। हड़ताल के चलते बैंकों में कामकाज ठप रहा, जिससे करोड़ों रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ। बैंक कर्मी सुबह मोहनगंज स्थित बैंक परिसर में एकत्र हुए। यहां से कर्मचारियों ने जुलूस निकाला। जुलूस शहर के विभिन्न बैंकों तक पहुंचा, जहां कर्मचारियों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने से ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई ग्राहक बैंक शाखाओं पर पहुंचे, लेकिन हड़ताल के कारण उन्हें बिना काम कराए लौटना पड़ा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के जिला संयोजक अतुल मेहरोत्रा ने बताया कि बैंक कर्मचारियों की मांगों को लेकर देशव्यापी स्तर पर आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हड़ताल के कारण जिले में करोड़ों रुपये का लेनदेन प्रभावित रहा। कर्मचारियों ने मांगों पर जल्द कार्रवाई किए जाने की मांग की।