अमरोहा के सैदनगली के गांव चकुनी की रहने वाली अनीता (32) की हत्या करने के बाद पति नेमपाल ने गवां स्थित अपने भांजे के खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया। पांच नवंबर को वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति अपने गांव लौट गया और पत्नी को ढूंढने का नाटक करता रहा। अनीता के भाई की ओर से दर्ज गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस को उसके पति पर शक हुआ। पुलिस के अनुसार, सख्ती से पूछताछ में पति ने हत्या कबूल कर ली। इसके बाद आरोपी पति और भांजे को गिरफ्तार कर पुलिस ने रविवार को शव बरामद कर लिया। हसनपुर सीओ पंकज त्यागी ने बताया कि आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव पुरसल निवासी मानू सिंह सैनी ने 11 नवंबर को थाने में अपनी बहन अनीता की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अनीता 4-5 नवंबर से लापता है। दूसरी ओर पति थाना सैदनगली के गांव चकुनी निवासी नेमपाल ने बताया कि अनीता बिना बताए घर से लापता हुई है। मानू सिंह ने बहन के पति पर हत्या का आशंका जताई थी।