भारत विकास परिषद की ओर से प्रांतीय स्तर की भारत को जानो प्रतियोगिता का आयोजन खंड विकास कार्यालय स्थित सभागार में किया गया। प्रतियोगिता में संभल, मुरादाबाद, रामपुर और बिलासपुर के 10 विद्यालयों के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग के कुल 40 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। वरिष्ठ वर्ग (कक्षा 9 से 12) में राजेंद्र एकेडमी, मुरादाबाद की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आरएएन पब्लिक स्कूल, बिलासपुर की टीम द्वितीय स्थान पर रही। भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्रों के सम्मुख दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद वंदेमातरम् गीत प्रस्तुत किया गया। कनिष्ठ वर्ग (कक्षा 6 से 8) में सरस्वती विद्या मंदिर, रामपुर की टीम ने प्रथम और आरएएन एकेडमी मुरादाबाद की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में नवोदय शाखा के संरक्षक प्रभाष चंद्र चौधरी सहित मधुर वार्ष्णेय, मोहित गोयल, नितिन गुप्ता, विकास गोयल, पराग बंसल, देवेंद्र मलिक और अंकुर गोयल का विशेष योगदान रहा। संचालन विभोर बंसल ने किया। प्रतियोगिता में भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय गतिविधि सेवा प्रमुख अजय विश्नोई, क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक राजेश पालीवाल, क्षेत्रीय संयोजक निर्मल मेहता और प्रांतीय उपाध्यक्ष निवेदिता मित्तल की उपस्थिति रही। शाखा अध्यक्ष विष्णु कुमार शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों में भारतीय संस्कृति एवं सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद की ओर से अखिल भारतीय स्तर पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।