समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की जयंती पर क्षेत्रीय विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव और सपा के वरिष्ठ नेता नईमुल हसन उर्फ लड्डन मियां के नेतृत्व में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान गरीब, जरूरतमंद, बुजुर्गों और अस्पताल में भर्ती मरीजों को सहायता सामग्री वितरित कर नेताजी को याद किया गया। जयंती के अवसर पर कादराबाद गांव स्थित मदरसे में मौलाना सकरुद्दीन, मौलाना रिहान और मदरसे के बच्चों ने कुरान की तिलावत की। इसके बाद मिठाई पर दुरूद-ए-फातिहा पढ़ी गई। मदरसे के बच्चों को कैप वितरित किए गए, जबकि बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों को मफलर देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। वहीं, जुनावई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित किए गए। सपा नेता नईमुल हसन उर्फ लड्डन मियां और क्षेत्रीय विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव ने मरीजों को फल एवं कंबल देकर उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।