फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: जमीन के विवाद में दो पक्ष भिड़े, 16 घायल, सीएचसी में भी आमने सामने आए दोनों पक्ष

लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के खानपुर खपुरा गांव में सोमवार को जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी चलने से 16 लोग घायल हो गए। पुलिस सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। यहां उपचार के दौरान दोनों पक्ष फिर आमने सामने आ गए और हंगामा करने लगे। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। चार घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। गांव में गाटा संख्या 156 की जमीन को लेकर दोनों पक्षों में काफी समय से विवाद चल रहा है। सोमवार को एक पक्ष जेसीबी से विवादित जमीन की साफ सफाई करा रहा था। दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। कुछ ही देर में दोनों ओर से लाठी डंडे और कुल्हाड़ी चलने लगी।मारपीट में एक पक्ष से ओमप्रकाश (35), नीतू (28), संगीता (50), मिथुन (38), जितेंद्र (23), अमन (17) और जनक दुलारी (55) घायल हुए। ओमप्रकाश का कहना है कि राजस्व टीम के कहने पर वह अपनी जगह की साफ सफाई करा रहे थे। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष से धुन्नीलाल (65), कलावती (60), सरवन (60), विमल (25), सुशील यादव (50), सूरज सिंह (28), सुनील यादव (45), राजेंद्र (40) और कांति देवी (55) घायल हुए। धुन्नीलाल पक्ष का कहना है कि विवादित जमीन पर वर्षों से उनका कब्जा है। जमीन का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद दूसरे पक्ष के लोग जबरन कब्जा करने पहुंचे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। एक साथ बड़ी संख्या में घायल पहुंचने से अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। उपचार के दौरान दोनों पक्षों के लोग फिर भिड़ने लगे। अस्पताल में भारी संख्या में मौजूद पुलिसकर्मियों और प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। दूसरे पक्ष से राजेंद्र और सुशील यादव व पहले पक्ष से ओमप्रकाश और मिथुन की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने बताया की स्थिति को देखकर अन्य लोगों को भी रेफर किया जा सकता है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें