सराफा व्यवसायी ऋषि कुमार सोनी के साथ हुई लूट की घटना का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। ऑपरेशन थियेटर टेक्नोलॉजी (बीएससी ओटी) के छात्र सौरभ शर्मा समेत छह बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पढ़ाई और अन्य खर्च के लिए महज 50 हजार रुपये के लिए छात्र ने साथियों के साथ सराफा व्यवसायी के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपी अंतरजनपदीय लूट गिरोह के सदस्य हैं। यह लखनऊ के रहने वाले हैं। बदमाशों के पास से पुलिस ने लूटे गए जेवरात और घटना में प्रयुक्त की गई कार बरामद की गई है। बछरावां कस्बा निवासी सराफा व्यवसायी ऋषि कुमार सोनी की शिवगढ़ थाना क्षेत्र के असहन जगतपुर में सराफा की दुकान है। शनिवार शाम ऋषि कुमार घर लौट रहे थे, तभी कार सवार बदमाशों ने लोहे की रॉड से हमला कर सराफा व्यवसायी को घायल कर पांच लाख कीमत के जेवरात लूट लिए थे। एसपी रवि कुमार ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए बछरावां पुलिस और एसओजी की टीम लगाई गई थी। सुबह बछरावां क्षेत्र के जिलेदार गेस्ट हाउस से 100 मीटर आगे शिवगढ़ रोड से घटना में शामिल बदमाशों लखनऊ जिले के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के पीएम आवास विकास कॉलोनी निवासी सौरभ शर्मा, अभय रस्तोगी उर्फ हर्ष रस्तोगी, ओम सिंह, कृष्ण कुमार यादव, धनावर निवासी आयुष कुमार गौड़ उर्फ अंशुमान, राजनायक यादव को पकड़ा गया। इसमें सौरभ बछरावां के गुलाबखेड़ा मजरे थुलेंडी, आयुष बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के माल्दह चट्टी, कृष्ण कुमार यादव सुल्तानपुर जिले के करौंदीकला थाना क्षेत्र के हाजीपुर बरुवार गांव के मूलरूप से रहने वाले हैं, लेकिन काफी समय से सभी लखनऊ में ही रह रहे थे।