फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रायबरेली: साइकिल अनियंत्रित होने से बसहा नाला में गिरा दुकानदार, डूबकर मौत खीरों से दुकान का सामान खरीदकर घर लौट रहा था अजय, हादसे से परिवार में मचा रोना पिटना

रायबरेली: थाना क्षेत्र के हरदी गांव के पास मंगलवार दोपहर बसहा नाला पुल के निकट साइकिल अनियंत्रित होने से गहरे पानी में गिरकर दुकानदार की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने करीब 10 फीट गहरे पानी से उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हरदी गांव निवासी अजय कुमार बाजपेई (45) पुत्र स्वर्गीय केशव चंद्र बाजपेई घर के पास गुमटी रखकर परचून की दुकान चलाता था। मंगलवार को वह दुकान का सामान खरीदने के लिए करीब 10 बजे साइकिल से खीरों गया था। सामान खरीदने के बाद दोपहर करीब एक बजे वह हरदी-दुबिनखेड़ा मार्ग से घर लौट रहा था। बसहा नाला पुल के पास पहुंचते ही अचानक उसकी साइकिल अनियंत्रित हो गई और वह गहरे पानी में जा गिरा। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। सड़क से गुजर रही एक महिला राहगीर ने हादसा देखा तो दौड़कर गांव पहुंची और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर अजय को करीब 10 फीट गहरे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पत्नी नीलम ने बताया कि अजय घर से खीरों दुकान का सामान लेने की बात कहकर निकले थे। दोपहर करीब दो बजे गांव के लोगों से बसहा नाला में डूबने की सूचना मिली। जब तक वह मौके पर पहुंचीं, पति की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद पत्नी नीलम, पुत्र चमन बाजपेई, बड़े भाई अशोक कुमार व अनिल कुमार तथा बहनों मालती, सरला, मधू, कंचन और सोनी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें