रायबरेली में खीरों ब्लाक के मथुरा खेड़ा स्थित श्री तालेश्वर मंदिर मैदान में दही मटकी विखंडन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मथुरा खीरों गांव के शिवम वर्मा के नेतृत्व वाली युवा टीम ने करीब 20 फीट ऊंचाई पर बंधी मटकी को फोड़कर जीत दर्ज की। मटकी फूटते ही मौजूद भक्तजनों ने जमकर जश्न मनाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राकेश प्रताप सिंह का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से गांव में आपसी भेदभाव दूर होता है और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने का काम करते हैं। इससे पहले विभिन्न चार पहिया वाहनों में सवार भगवान राम, कृष्ण सहित करीब तीन दर्जन झांकियां मंदिर परिसर से निकाली गईं। झांकियां मथुरा खेड़ा, छत्ता का पुरवा, फिरोजाबाद और बलभद्र खेड़ा होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंचीं। इसके बाद दही मटकी विखंडन प्रतियोगिता हुई।