देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर रामगंगा विहार फेज-1 स्थित शिव हरि मनोकामना मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। शांति निकेतन स्कूल के पीछे आयोजित कथा में कथावाचक श्रद्धेय व्योम त्रिपाठी महाराज ने भागवत कथा का महात्म्य बताया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जीवन में भक्ति को बढ़ाने वाली है। इसके श्रवण से मनुष्य के कष्ट और क्लेश दूर होते हैं। कलियुग में भगवान की प्राप्ति का यह सशक्त माध्यम है। महाराज ने बताया कि भागवत कथा प्रेत योनि में गए जीवों का भी उद्धार करती है। कथा का संकल्प लेने मात्र से पितरों की सद्गति होती है और इसके श्रवण से 21 पीढ़ियों का उद्धार होता है। भागवत कथा से मनुष्य के जीवन में भक्ति, ज्ञान और वैराग्य दृढ़ होते हैं तथा भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में प्रेमाभक्ति प्राप्त होती है।