सरधना के ऐतिहासिक चर्च में दो दिवसीय माता मरियम महोत्सव प्रार्थना और भव्य शोभायात्रा के साथ संपन्न हो गया। मुख्य अतिथि बिशप लुईस मस्करेनहास ने कहा कि गरीब और बेसहारा का अपमान करना माता मरियम की शिक्षाओं के विपरीत है। ऐतिहासिक रोमन कैथोलिक चर्च में आयोजित कृपाओं की माता मरियम महोत्सव रविवार को श्रद्धा, प्रार्थना और भव्य शोभायात्रा के साथ संपन्न हो गया। दो दिवसीय महोत्सव में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने माता मरियम के दरबार में शीश नवाया। किसी ने अपनी मनोकामना पूरी होने पर आभार जताया तो किसी ने परिवार की सुख-शांति, बीमारी से मुक्ति और जीवन में खुशहाली की कामना की। महोत्सव के अंतिम दिन सुबह से देर शाम तक चर्च परिसर और आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।