मेरठ में मंगलवार को सीसीएसयू के कुलपति कार्यालय पर बीटेक के छात्र-छात्राओं ने हॉस्टल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर जोरदार हंगामा करते हुए धरना दिया। छात्रों का आरोप था कि हॉस्टल में अव्यवस्थाओं का आलम है और एक कमरे में जबरन तीन विद्यार्थियों को रहने के लिए मजबूर किया जा रहा है। छात्रों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल की समस्याओं को लेकर विरोध करने या आवाज उठाने पर उन्हें विश्वविद्यालय से बाहर करने की धमकी दी जाती है। अभद्र व्यवहार के आरोप भी छात्रों ने लगाए। हंगामा बढ़ता देख मेडिकल पुलिस, सीओ सिविल लाइन और सीओ कोतवाली मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद सीओ सिविल लाइन हॉस्टल पहुंचे और छात्राओं के सामने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रों की समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।