भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने बुधवार को सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता में कहा कि सेंट्रल मार्किट शास्त्रीनगर के व्यापारियों व निवासियों के लिए प्रदेश सरकार नई पुनर्वास नीति ला रही है। लगभग 650 व्यापारियों को आबादी के बीच में लीज पर दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी। भाजपा के महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, सांसद अरुण गोविल, राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि एमएलसी स्नातक व शिक्षक चुनाव की आचार संहिता लागू होने के कारण पूरी नीति की घोषणा नहीं जी जा रही है। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का हम सम्मान करते हैं। डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि एमडीए द्वारा फिर से री-सर्वे कराया जाएगा। नई दुकानों के लिए व्यापारियों से नाममात्र का किराया लिया जाएगा।