मथुरा के अंतर महाविद्यालयी महिला कबड्डी प्रतियोगिता में बीएसए कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। कोच सोनू ठाकुर ने बताया कि फिरोजाबाद के दाऊ दयाल महिला कॉलेज में पांच नवंबर को आयोजित प्रतियोगिता में बीएसए कॉलेज की खिलाड़ियों ने दमखम, बेहतर तालमेल और खेल कौशल का परिचय देते हुए पांच में से चार मुकाबलों में जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के दौरान बीएसए कॉलेज की टीम ने प्रतिद्वंद्वी टीमों को कड़ी चुनौती दी। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ मैदान में प्रदर्शन किया। टीम की ओर से वंदना और तापसी ने विशेष रूप से उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की गई। प्रतियोगिता में उपविजेता बनने पर महाविद्यालय में खुशी का माहौल रहा। बीएसए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ललित मोहन शर्मा ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को बधाई दी है।