मथुरा के छाता में बंद पड़ी शुगर मिल को चालू कराने और किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन ने रविवार को एक विशाल रूप ले लिया। भूतपूर्व सैनिक परिषद के बैनर तले पिछले 25 दिनों से क्रमिक धरना प्रदर्शन जारी है, लेकिन रविवार को यहां अचानक किसानों का सैलाब उमड़ पड़ा। प्रदर्शन स्थल पर हजारों की संख्या में किसान पहुंचे, जिससे प्रशासन में भी हलचल तेज हो गई है। आंदोलन के दौरान सबसे बड़ा आकर्षण कमई गांव से निकला किसानों का जत्था रहा। कमई गांव से सैकड़ों ग्रामीण दर्जनों ट्रैक्टरों में सवार होकर नारेबाजी करते हुए धरना स्थल पर पहुंचे। ट्रैक्टरों के काफिले और किसानों के जोश ने पूरे इलाके का माहौल पूरी तरह बदल दिया। किसानों का कहना है कि शुगर मिल के बंद होने से उनकी आजीविका पर संकट आ गया है और गन्ने के भुगतान को लेकर भी भारी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। किसानों की इस एकजुटता ने साफ कर दिया है कि वे अपनी हक की लड़ाई के लिए अब पीछे हटने वाले नहीं हैं।