मथुरा। परिवहन निगम के मथुरा डिपो की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की कवायद तेज होगी। आगरा क्षेत्र के नवागत क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल देव ने शुक्रवार को मथुरा डिपो पहुंचकर नए और पुराने बस अड्डे के साथ परिवहन निगम की कार्यशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, कार्यशाला की व्यवस्थाओं और कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि मथुरा के पुराने बस अड्डे का पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के अंतर्गत उच्चीकरण कराया जाएगा। इससे बस अड्डे की व्यवस्थाओं को आधुनिक स्वरूप देने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास होगा। वहीं, परिवहन निगम की कार्यशाला के उच्चीकरण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। कार्यदायी संस्था ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक चालक-परिचालकों के लिए बनाए गए रेस्ट रूम में भी पहुंचे। यहां प्रकाश व्यवस्था नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से रेस्ट रूम में रोशनी की समुचित व्यवस्था शुरू कराने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रभारी एआरएम राजेश कुमार यादव, डिपो प्रभारी विवेक अहिरवार, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी शशि शर्मा, संचालन प्रभारी जयप्रकाश शर्मा, मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।