दिल्ली में स्लीपर बस में नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर लोकतांत्रिक युवा जनसंघ पार्टी ने विरोध जताया। पार्टी पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सरकार और समाज की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल होनी चाहिए। पार्टी ने घटना की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता और उसके परिवार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही पीड़िता को निशुल्क चिकित्सा सुविधा, मनोवैज्ञानिक परामर्श, विधिक सहायता और शासन की ओर से निर्धारित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की गई। पार्टी ने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई। ज्ञापन में बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बाजारों, पार्कों, शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और पर्यटन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त और प्रभावी सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने की बात कही गई। पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस-प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। ऐसे मामलों में त्वरित जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से कानून-व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत होगा।