मथुरा को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली टैंक चौराहा से औरंगाबाद रोड की सड़क बार-बार धंस रही है। विगत दिनों हुई हल्की बारिश के बाद टैंक चौराहे से कलेक्ट्रेट के बीच सड़क पर बड़ा और गहरा गड्ढा हो गया। सड़क के नीचे काफी गहराई तक हिस्सा पोला है, जिससे इसके और ज्यादा धंसने का खतरा बना हुआ है। दरअसल, सड़क किनारे करीब 2 मीटर चौड़े साइकिल ट्रैक को विगत दिनों जल निगम ने तोड़ दिया था। इसके स्थान पर अंबाखार नाले की करीब 6 किलोमीटर लंबी सीवेज पाइपलाइन डाली गई। पाइपलाइन डालने के बाद जल निगम ने सड़क का औपचारिक निर्माण कर दिया, लेकिन इसी स्थान पर सड़क बार-बार धंस रही है। यहां करीब 10 मीटर से ज्यादा चौड़ी सड़क पर वाहनों की रफ्तार तेज रहती है। सड़क धंसने से अक्सर हादसे हो रहे हैं और अब बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा है। हैरत की बात है कि इसी सड़क से जिले के आल्हा अधिकारी और तमाम जन प्रतिनिधि भी अक्सर गुजरते हैं। बावजूद इसके सड़क की यह हकीकत जिम्मेदारों को दिखाई नहीं दे रही।