दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे की 71 पूजा स्पेशल ट्रेनें राहत लेकर आई हैं। अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को सफर के लिए नए विकल्प मिले हैं। इससे नियमित ट्रेनों पर त्योहार के दौरान बढ़ने वाला दबाव कुछ कम हुआ है। हालांकि, सामान्य ट्रेनों के जनरल कोचों में अब भी यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। आगरा मंडल की ओर से संचालित इन विशेष ट्रेनों में कई मथुरा जंक्शन होकर गुजर रही हैं। इनमें खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन, खड़की-हजरत निजामुद्दीन, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-मथुरा जंक्शन और सोगरिया-मथुरा स्पेशल शामिल हैं। इन ट्रेनों के संचालन से झांसी, राजस्थान और दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिल रही है। सोगरिया-मथुरा अनारक्षित स्पेशल छह से 20 नवंबर तक संचालित की जा रही है। वहीं, खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल 18 नवंबर तक चलेगी। इन ट्रेनों से त्योहार पर घर जाने और वापस लौटने वाले यात्रियों को सहूलियत मिल रही है। स्टेशन निदेशक सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि आगरा मंडल के विभिन्न स्टेशनों से 71 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें मथुरा जंक्शन भी शामिल है। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की गई है।